सीएम योगी के खिलाफ़ कांग्रेस ने इस धर्मगुरु को मैदान में उतारा!

,

   

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमले के दौरान ‘भगवा’ का इस्तेमाल करने की कोशिश की है।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, प्रियंका गांधी ने राज्य में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाया है।

प्रियंका गांधी ने सोमवार को लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा “भगवा आपका नहीं है। यह आध्यात्मिकता का प्रतीक है और पूरे देश का है और करुणा सिखाता है।”

आदित्यनाथ के भगवा पोशाक को लेकर जोरदार हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा “वह भगवा पहनते हैं, लेकिन उन्हें उस ‘धर्म’ धारण करने की जरुरत है, जिसका भगवा प्रतिनिधित्व करता है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के ‘बदला’ टिप्पणी के बाद राज्य पुलिस ने क्रूरता के साथ बल का इस्तेमाल किया है और राज्य के नागरिकों पर कहर बरपाया है।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आचार्य प्रमोद कृष्णम को उतारा है। योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर मठ के महंत भी हैं।

आचार्य प्रमोद कृष्णम लखनऊ से राजनाथ सिंह के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार थे। कृष्णम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल्कि धाम के महंत हैं। वह साधु बिरादरी व मीडिया में जाना-माना नाम हैं।

हाल के समय में कांग्रेस उन्हें प्रमुखता दे रही है। कृष्णम को शनिवार को प्रियंका गांधी के साथ देखा गया था, जब उन्हें लखनऊ पुलिस ने रोका था।

उन्हें प्रियंका के पीछे चलते हुए देखा गया। वह राज भवन में भी मौजूद थे, जब पार्टी नेता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को ज्ञापन सौंपने गए थे। वह प्रियंका गांधी के लखनऊ में हुए संवाददाता सम्मेलन में भी मौजूद थे।

आचार्य प्रमोद कृष्णम को राजघाट पर उनके सहयोगियों के साथ सत्याग्रह के दौरान भी प्रमुखता दी गई। कृष्णम व उनके सहयोगी भगवा वस्त्र पहने हुए थे।

आचार्य की मुस्लिम समुदाय में भी पहुंच है। उन्हें उनके भाषणों व मुस्लिम सभाओं में भाग लेने के लिए जाना जाता है। उनका शिया संप्रदाय में भी सम्मान है, जो भाजपा के करीबी माने जाते हैं। आचार्य ने मुहर्रम के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया है।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस प्रियंका गांधी के साथ राज्य में रणनीतिक रूप से आगे बढ़ रही है और मुख्यमंत्री पर हमले कर रही है।

ऐसा लगता है कि भाजपा कांग्रेस के खेल को समझ रही है और इसी वजह से उप्र के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सोमवार को प्रियंका गांधी पर कड़ा हमला किया और उन पर दंगाइयों को समर्थन देने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह भगवा को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।