बिहार चुनाव में कांग्रेस ने किया है खराब प्रदर्शन- तारिक अनवर

, ,

   

बिहार में महागठबंधन की हार के बाद अब कांग्रेस को लेकर कई तरीके के सवाल उठने लगे है। सवाल कांग्रेस के अंदर से भी उठने शुरू हो गए है।

 

साक्षी प्रभा पर छपी खबर के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व में केंद्रीय मंत्री रहे तारिक अनवर ने कहा है कि हमें सच को स्वीकार करना चाहिए।

 

कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण ही महागठबंधन की सरकार बिहार में नहीं बन पाई है। हमें इस विषय पर आत्म चिंतन करने की जरूरत है कि हम से कहां चूक हुई।

 

उन्होंने टवीट किया, “हमें सच को स्वीकार करना चाहिए। कांग्रेस के कमज़ोर प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की सरकार से बिहार महरूम रह गया।कांग्रेस को इस विषय पर आत्म चिंतन ज़रूर करना चाहिए कि उस से कहाँ चूक हुई?”

 

तारिक अनवर ने ओवैसी की पार्टी की बिहार में एंट्री को भी शुभ नहीं माना है। इसके अलावा वह नीतीश कुमार और भाजपा पर तंज कसने में भी आगे रहे।

 

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा भले ही भाजपा गठबंधन येन केन प्रकारेण चुनाव जीत गया, परन्तु सही में देखा जाए तो ‘बिहार’ चुनाव हार गया। क्योंकि इस बार बिहार परिवर्तन चाहता था। 15 वर्षों की निकम्मी सरकार से छुटकारा-बद हाली से निजात चाहता था।

 

इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट में कहा कि भाजपा की मेहरबानी रही तो नीतीश जी इस बार अंतिम रूप से मुख्य मंत्री का शपथ लेंगे, देखते हैं ‘बकरे की माँ कब तक खैर मनाएँगी”।