कोरोना वायरस: 89 साल के बुजुर्ग दंपति के बीच ग्लास खड़ा किया गया!

,

   

डोरोथी कैम्बल 88 साल की हैं। जबकि उनके पति जीन कैम्बल 89 साल के हैं। उनकी शादी को 60 वर्ष हो चुके हैं। लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर कोरोना वायरस ने दोनों को एक-दूसरे से अलग कर दिया है।

 

नवभारत टाइम्स पर छपी खबर के अनुसार, अब जीन वाशिंगटन के ‘लाइफ केयर सेंटर’ में ‘कैद’ हैं, यहां Covid-19 से करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है! जब डोरोथी, पति से मिलने यहां पहुंची तो उनके बीच कांच की दीवार थी।

 

उन्होंने फोन के जरिए एक-दूसरे से बात की। इसी लम्हे की तस्वीर देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।

 

 

‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जीन कैम्बल वाशिंगटन के किर्कलैंड शहर में स्थित ‘लाइफ केयर सेंटर’ में भर्ती हैं। यहां उनका एक अलग कमरा है, जिसमें वह अकेले रहते हैं।

 

यहां भर्ती मरीजों के परिवार और दोस्तों को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। ऐसे में डोरोथी अपने पति से मिलने उनके कमरे की खिड़की पर पहुंची।

 

दोनों ने एक दूसरे को देखा और फोन के जरिए बात की। लेकिन वे एक-दूसरे से बेहद दूर हैं। केंद्र में भर्ती किसी अपने से बात करने का सिर्फ यही जरिया है। डोरोथी अपने बेटे चार्ली कैम्बल के साथ वहां पहुंची थीं।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 70 में से लगभग 8 मामले केंद्र से जुड़े हैं। यहां हुई 13 मौतों में से 7 लोग ‘लाइफ केयर सेंटर’ के रहने वाले थे। सेंटर के 50 से अधिक रेजिडेंट और कर्मचारियों में शुरुआती स्तर का कोरोना वायरस पाया गया, जिसके बाद उनकी देखभाल की जा रही है। साथ ही, इन 108 मरीजों के परिवारों और दोस्तों को उनसे मिलने से रोक दिया गया है। ताकि यह वायरस दूसरों में न फैले।

 

दुनियाभर में कोरोना वायरस अब तक तीन हजार से अधिक लोगों की जान ले चुका है। जबकि 90 हजार से अधिक लोग इससे संक्रमित बताए जा रहे हैं। ईरान, अमेरिका, पाकिस्तान और भारत समेत कई देश इसकी चपेट में आ चुके हैं।

 

साभार- नवभारत टाइम्स