कोरोना वायरस: चीन के बाद इटली का हुआ बुरा हाल!

, ,

   

चीन से फैला घातक कोरोना वायरस का अब नया केंद्र इटली बन गया है। यहां स्थिति बहुत गंभीर है। छह करोड़ की आबादी वाला यह देश तबाही की ओर बढ़ गया है।

 

प्रभात खबर पर छपी खबर के अनुसार, इस वायरस से इटली में हर रोज औसतन छह सौ लोगों की मौत हो रही है। इस संक्रमण से इटली में अब तक 5476 लोगों की मौत हो चुकी है, जो पूरी दुनिया में इस बीमारी से हुई मौत का 38.3 फीसदी यानी एक तिहाई है।

 

इटली में कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा चीन और ईरान में हुई मौतें को जोड़ने के बाद भी कहीं ज्यादा है। इटली में मृत्यु दर 8.6 प्रतिशत है, जो कई देशों की तुलना में खासी अधिक है। चीन में इस बीमारी से अब तक 3261 लोगों की मौत हो चुकी है, जो इटली से करीब डेढ़ गुना कम हैै।

 

इस बीच, कोरोना को फैलने से रोकने के लिए भारत समेत दुनिया के कई देशों में रविवार को एक अरब से ज्यादा लोग घरों में बंद रहे। इस महामारी के कारण दुनिया के करीब 35 मुल्कों ने लॉकडाउन किया है।

 

इससे जनजीवन, यात्रा और कारोबार प्रभावित हुए हैं। वहीं अमेरिका, फ्रांस, स्पेन, इटली, ईरान, चीन समेत कई अफ्रीकी देशों की सीमाएं सील कर दी गयी हैं।

 

यह वायरस हर रोज नये देशों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है. अब तक 188 देश इस संक्रमण की चपेट में हैं। अब तक इससे मरनेवालों की संख्या करीब 14,000 के पार हो गयी है, जबकि तीन लाख से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं।

 

रीयाल मैड्रिड के पूर्व अध्यक्ष लोरेंजो सैंज का कोरोना से पीड़ित होने के बाद निधन हो गया। वह 76 साल के थे। सैंज 1995-2000 तक इस स्पेनिश लीग के प्रमुख थे।

 

इस दौरान रीयाल ने दो बार चैंपियन्स लीग का खिताब जीता. उनके बेटे लोरेंजो सैंज जूनियर ने ट्वीट किया कि मेरे पिता का अभी निधन हो गया।

 

अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और उनकी पत्नी कारेन पेंस कोरोना से संक्रमित नहीं पाये गये हैं। व्हाइट हाउस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। पेंस और उनकी पत्नी ने कोरोना की जांच तब करायी, जब उपराष्ट्रपति की टीम का एक सदस्य संक्रमित पाया गया।