रूस में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस (Covid-19) के रिकॉर्ड 4,070 मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 32,008 तक पहुंच गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने रूस के कोरोना वायरस प्रतिक्रिया केंद्र के हवाले से कहा है कि महामारी से जान गवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 273 हो गया है, जबकि 2,590 लोग ठीक हो चुके हैं। इसमें से 286 लोगों को पिछले 24 घंटों के दौरान अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
वहीं, अल्ताई क्षेत्र में कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई है। इसको मिलाकर महामारी अब रूस के 85 क्षेत्रों में फैल चुकी है। देश में वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मॉस्को है, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान 1,959 नए मामलों की पुष्टि हुई है। मॉस्को में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 18,105 हो गई है।
मॉस्को के डिप्टी मेयर अनास्तासिया राकोवा ने चिकित्साकर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि शहर में कोविड- 19 का चरम अगले दो या तीन हफ्तों में आने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है।
रूस में 31 जनवरी को कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद मार्च के अंत से मामलों में काफी तेजी देखी गई। 9 अप्रैल तक कोरोना के मामलों की कुल संख्या 10 हजार थी, जोर 14 अप्रैल तक 20 हजार हो गई थी।
बता दें कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सहायता के लिए चीनी चिकित्सकों की एक टीम 11 अप्रैल से रूस में काम कर रही है। रूसी में आवश्यक संस्थानों और प्रतिष्ठानों के लिए काम कर रहे लोगों को छोड़कर वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 30 मार्च से 30 अप्रैल तक सभी को छुट्टी दे दी गई है।
पिछले साल दिसंबर महीने के अंत में चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस वैश्विक स्तर पर 1 लाख 54 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है। वहीं संक्रमित लोगों का आंकड़ा 22 लाख को पार कर गया है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित सुपर पावर अमेरिका है, जहां 7 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित है और 37 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।