तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस जानलेवा वायरस की चपेट में अभी तक 70 हजार से अधिक लोग आ चुके हैं।
जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, एक दिन में संक्रमण के 2,012 मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 70,958 हो गई है। इसके अलावा 24 घंटे में 13 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है और राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 576 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 21,118 टेस्ट किए गए हैं। अब तक राज्य में कुल 5,22,143 टेस्ट किए जा चुके हैं।
वहीं, देश में अब तक कोरोना के 18 लाख 55 हजार 746 मामले सामने आ गए हैं। इनमें पांच लाख 86 हजार 298 एक्टिव केस हैं। वहीं 12 लाख 30 हजार 510 मरीज ठीक हो गए हैं।
वहीं 38 हजार 938 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल दो करोड़ आठ लाख 64 हजार 206 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 66.31 फीसद हो गया है। मृत्यु दर 2.16 फीसद हो गई है।
दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1.84 करोड़ को पार कर गई है, जबकि लगभग 7 लाख लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, लैटिन अमेरिका के देशों में भी महामारी तेज गति से अपने पांव पसार रही है।
यहां अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या भी दो लाख के पार चली गई है।
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में अमेरिका पहले स्थान पर है और इसके बाद ब्राजील दूसरे स्थान पर है। इसके बाद तीसरे नंबर पर भारत है इसके बाद चौथे स्थान पर रूस और पांचवे पर दक्षिण अफ्रीका है।