कोरोना वायरस: इस राज्य में सरेआम थूकने पर लगा रोक!

   

इस समय पूरी दुनिया पर कोरोनावायरस के खौफ का साया नजर आ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) इसे महामारी घोषित कर चुका है। चीन से शुरू हुई यह बीमारी देखते ही देखते कई देशों में पहुंच गई।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, अब तक चीन, इटली और ईरान इससे सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं, जहां कई लोग असमय ही काल के गाल में समा गए।

 

हमारा देश भारत भी इससे अछूता नहीं रहा। भारत में कोरोनावायरस (कोविड-19) से पीडि़त यानी पॉजिटिव लोगों की संख्या 101 तक पहुंच गई है। दो लोग जान भी गंवा चुके हैं।

 

कोरोनावायरस संकट के बीच 218 भारतीय इटली के मिलान से रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने यह जानकारी दी।

 

कोराना वायरस फैलने की आशंका के मद्देनजर गुजरात सरकार ने सार्वजनिक स्थान पर थूकने को दंडनीय अपराध घोषित करने की योजना बनाई है।

 

गुजरात में वैसे तो कोराना वायरस का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है, फिर भी सरकार एहतियातन यह कड़ा कदम उठाने जा रही है, ताकि वायरस को फैलने से रोका जा सके।

 

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) जयंती रवि ने कहा, हम सार्वजनिक जगहों पर थूकना प्रतिबंधित करने के लिए वीडियो लिंक के जरिये कलेक्टरों, निगमायुक्तों और नगर पालिकाओं के मुख्य अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं।

 

हम इस पर भी चर्चा कर रहे हैं कि थूकने को किस तरह दंडनीय बनाया जाए। उन्होंने कहा, भारतीय महामारी अधिनियम, 1897 का आधार बनाते हुए हमने कोविड-19 की रोकथाम के लिए शुक्रवार को जिला कलेक्टरों और शहरी इलाकों में निगमायुक्तों जैसे अधिकारियों को एक अधिसूचना जारी की है।