कोरोना से खौफ के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से शनिवार को छह मरीजों को ठीक कर घर भेज दिया गया है। इनमें दिल्ली का सबसे पहला मरीज और आगरा के एक ही परिवार के चार मरीज भी शामिल हैं।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बलविंदर सिंह के मुताबिक इन सभी मरीजों को 14 दिन तक आइसोलेशन में रखा गया था। 14 दिन बाद ये ठीक हो गए। अब इनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। दिल्ली में सबसे पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ मयूर विहार निवासी भी ठीक हो गया है। यह व्यक्ति इटली से हाल में ही लौटा था।
कोराना के लक्षण दिखाई देने पर वह खुद अस्पताल आरएमएल अस्पताल पहुंचा था। बाद में उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया था। वहीं, नोएडा के एक मरीज को भी छुट्टी मिल गई है।
एक परिवार के चारों लोग ठीक हुए: जो छह मरीज ठीक हुए हैं उनमें आगरा के एक कारोबारी परिवार के चार लोग शामिल हैं। इस परिवार के छह लोगों को संक्रमण हुआ था। ये सभी लोग इटली से आए दिल्ली निवासी व्यक्ति के संपर्क में आए थे। संक्रमण से ठीक हुए लोगों को अब कोई खतरा नहीं है।
संक्रमित लोगों की दो बार जांच की गई: सफदरजंग अस्पताल से जिन मरीजों को छुट्टी दी गई है, उनका 14 दिन आइसोलेशन वार्ड में रखकर उपचार किया गया था। 14 दिन में ये सभी मरीज ठीक हो गए। इनकी गुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो बार जांच कराई गई तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
14 दिन तक अलग रहना होगा: जिन लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली है उन्हें एहतियात के तौर पर अगले 14 दिन तक घर में भी परिवार के बाकी सदस्यों से अलग-थलग रहना होगा।
कोरोना से घबराएं नहीं: डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं हैं। हालांकि, लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है ताकि यह रोग समुदाय में फैल न पाए।