दिल्ली हिंसा: अफवाह फैलाने के आरोप में 40 गिरफ्तार!

   

रविवार की रात दिल्ली एक बार फिर फर्जी खबरों के चलते हिंसा और आगजनी की आग में जलने से बच गई।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बीती रात महज दो-तीन घंटे में दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष को 1880 सूचनाएं मिलीं। सभी सूचनाएं जांच में फर्जी (भ्रामक) पाई गईं। ये सूचनाएं अलग-अलग जिलों से मिलीं।

 

अफवाह फैलाने वाली सबसे ज्यादा खबरें (481) पश्चिमी जिला पुलिस कंट्रोल रूम को मिलीं। दक्षिण-पूर्वी, द्वारका, बाहरी और रोहिणी जिला इन अफवाहों की खबरें पाने में क्रमश: दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर रहे।

 

अफवाहें फैलाकर राजधानी में शांति भंग कराने की कोशिश करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वालों में सबसे ज्यादा आरोपी उत्तर पश्चिमी दिल्ली जिला के हैं।

 

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली जिले में दंगे की गलत सूचनाएं देकर हड़कंप मचाने के आरोप में इस जिला पुलिस ने सबसे ज्यादा 21 लोगों को गिरफ्तार किया। ऐसी अफवाहें फैलाने वालों को पकड़ने में दक्षिणी जिला पुलिस दूसरे नंबर पर और रोहिणी जिला पुलिस तीसरे नंबर पर रही।