कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में किसानों का आंदोलन जारी है। देश के कोने-कोने से किसानों के जत्थे दिल्ली की सीमा की ओर धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं।
भास्कर डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, महाराष्ट्र से भी किसान का जत्था दिल्ली की ओर कूच कर रहा है। अखिल भारतीय किसान सभा अध्यक्ष अशोक ढंवले के नेतृत्व में कोटा पहुंचा है। चार पहिया वाहनों में सवार इन किसानों की संख्या करीब 500 से 700 है।
ये किसान, दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के समर्थन में जा रहे हैं। बूंदी रोड पर अगमगढ़ गुरुद्वारे में इनकी रहने-खाने की व्यवस्था की गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक ढवले ने कहा कि कोटा मे 4 से 5 घंटे के विश्राम के बाद जयपुर पहुचेंगे। रात्रि विश्राम जयपुर में करने के बाद कल शाम को शाहजहांपुर बॉर्डर पर पहुंच जाएंगे।
अभी तक महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश व राजस्थान में पहुंचने पर कहीं भी किसी तरह की परेशानी नहीं आई। किसानों का यह जत्था 24 घंटे में 18 से 19 घंटे का सफर तय करता है और 5 से 6 घंटे रात्रि विश्राम में लगाता है।जैसे ही सूरज निकलता है।
किसानों का यह जत्था आगे की यात्रा के लिए चल पड़ता है।अब तक किसानों का जत्था नासिक से चलकर चांदवड, मालेगांव, धुले, सिरपुर, मध्यप्रदेश में सिंधु बॉर्डर, सेंचुरी मिल, खटकाल पार करते हुए कोटा पहुंचे हैं।
जत्थे में महाराष्ट्र प्रदेश के 21 जिलों के किसान शामिल हुए हैं और इनमें करीब 15 से 20 महिलाएं भी शामिल है।
ढवले ने कहा कि किसानों का मकसद है जब तक केंद्र सरकार तीन कृषि कानून को वापस नहीं ले लेती, महाराष्ट्र किसान दिल्ली की बॉर्डर पर बैठे किसानों का साथ नहीं छोड़ेगा।