पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम के दौरान किसानों ने थाली बजा कर किया विरोध!

, ,

   

दिल्ली में किसान आंदोलन की कमान संभाल रही केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर किसानों ने रविवार को अम्बाला-हिसार हाईवे पर गांव थाना के निकट टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया।

भास्कर डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, इस दौरान किसानों ने लगातार तीसरे दिन टोल फ्री रखा। यूनियन के आह्वान पर किसानों ने जूतों से थाली बजाकर अपना विरोध जताया।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के आह्वान पर किसानों ने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम का बहिष्कार किया।

किसान रविंदर, तेजपाल, बलजिंदर, रमेश, प्रिंस व हरमनदीप आदि ने कहा कि दर्जनों किसान आंदोलन के दौरान अपनी जान गवां चुके हैं लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

पिछले एक महीने से किसान सड़क पर डेरा डाले हुए हैं। देश की अर्थव्यवस्था को करोड़ों रुपए का प्रतिदिन नुकसान हो रहा है।

बावजूद इसके केंद्र सरकार झूठ बोलकर जन आंदोलन को तोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह पहला आंदोलन है।

जब सरकार जबरदस्ती किसानों को करोड़पति बनाना चाहती है और वे काले कानूनों को वापस करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

किसानों ने बताया कि केंद्रीय कमेटी ने लगातार टोल फ्री रखने का आह्वान किया है। इन आदेशों की पालना करते हुए अब लगातार टोल फ्री किया जाएगा।

उधर, टोल कंपनी को किसानों के इस प्रदर्शन से प्रतिदिन लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है।

किसानों का कहना है कि जब तक काले कानून वापस करके एमएसपी की गारंटी का कानून नहीं बनाया जाता, उनका प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेगा। आने वाले समय में आंदोलन को अधिक तेज किया जाएगा।