असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन!

, ,

   

असम के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता तरुण गोगोई का सोमवार को गुवाहाटी में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा ने यह जानकारी दी है।

 

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, वहीं गोगोई के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि गोगोई असम और केंद्र में वर्षों के अनुभव के साथ एक लोकप्रिय नेता और अनुभवी प्रशासक थे।

 

गोगोई के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई के निधन से बेहद दुखी हूं। उनके निधन से एक युग के अंत में हुआ है।

 

राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि श्री तरुण गोगोई एक सच्चे कांग्रेसी नेता थे।

 

उन्होंने अपना जीवन असम के सभी लोगों और समुदायों को एक साथ लाने के लिए समर्पित कर दिया था। मेरे लिए वे एक महान और बुद्धिमान शिक्षक थे। मैं उन्हें बहुत प्यार करता था और उनका सम्मान करता था।

 

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी गोगोई के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं असम के पूर्व मुख्यमंत्री, एक वरिष्ठ नेता और हमारे सबसे सम्मानित तरुण गोगोई दा के निधन पर संवेदना व्यक्त करता हूं।

 

गोगोई दा का निधन असम के सार्वजनिक जीवन के एक युग का अंत है। वह कुछ दिनों पहले तक बिल्कुल स्वस्थ और खुश थे। इस दुखद समाचार पर मैं विश्वास नहीं कर पा रहा हूं।

 

बता दें कि कुछ दिनों से गोगोई की तबीयत गंभीर बनी हुई थी। दो नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर उन्हें डायलिसिस पर रखा गया।

 

मल्टीपल ऑर्गन फेलयर और सांस लेने में तकलीफ होने के चलते वह शनिवार को बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था।

 

संयोग से एक नई मशीन की उपलब्धता की वजह से वेंटिलेटर पर होने के बावजूद डायलिसिस किया जा रहा था। छह घंटे के डायलिसिस की मदद से उनके शरीर से काफी सारे जहरीले तत्व बाहर निकाले गए थे। इसके बाद कुछ उम्मीद जगी थी।

 

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तरुण गोगोई के बेटे गौरव से बात भी की थी। गौरतलब है कि कि तरुण गोगोई साल 2001 से 2016 तक असम के मुख्यमंत्री थे।