दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों को संख्या 1 लाख के पार

,

   

नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार की शाम तक पूरी दुनिया में संक्रमितों की संख्या 16 लाख से ज्यादा हो गई थी और मरने वालों का आंकड़ा 98 हजार को पार कर गया था। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर पौने पांच लाख पहुंच गई। वहा मरने वालों की संख्या बढ़ कर 17 हजार से ज्यादा हो गई है।

शुक्रवार की शाम तक दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 16 लाख 33 हजार से ज्यादा हो गया। इस दौरान 98,379 मौतें हुईं। कुल संक्रमितों में से तीन लाख 66 हजार से कुछ ज्यादा मरीज इलाज से ठीक हुए हैं। अभी 11 लाख 68 हजार एक्टिव मामले हैं, जिनमें से करीब 50 हजार मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अमेरिका में चार लाख 76 हजार से ज्यादा पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 17,838 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। न्यूयॉर्क के पास ब्रोंक्स आईलैंड पर बड़े पैमाने पर कब्रें बनाई गई हैं। इनमें ऐसे शवों को दफनाया जा रहा है, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इसके लिए मजदूरों को काम पर रखा गया है।

उधर स्पेन में गुरुवार और शुक्रवार के बीच यानी 24 घंटे में 605 लोगों की मौत हुई। लेकिन वहां लगातार मरने वालों की संख्या कम हो रही है। तभी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा- हम चरम की स्थिति से लौट रहे हैं। यह अच्छे संकेत हैं।

स्पेन में शुक्रवार तक कुल 15, 843 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली में एक लाख 43 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और मरने वालों का आंकड़ा 18 हजार से ज्यादा हो गया है। फ्रांस में संक्रमितों की संख्या एक लाख 17 हजार से ज्यादा हो गई है और मरने वालों का आंकड़ा 12 हजार से ज्यादा हो गया है।

इस बीच यह भी खबर है कि कोरोना वायरस की की वजह से अमेरिका में अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। करीब एक करोड़ से ज्यादा लोग बेरोजगार हो गए हैं। रेस्तरां और दुकानें बंद होने से जरूरी सामान की किल्लत महसूस हो रही है सरकार ने फूड बैंक के माध्यम से राशन और खाने का सामान बांटना शुरू किया है। न्यूयॉर्क में मौतों का आंकड़ा शुक्रवार को 7,067 पहुंच गया। वहां एक लाख 61 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।