गुजरात में विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP?

, , ,

   

गुजरात के छह नगर निगमों के लिए हुए चुनाव के परिणाम जैसे-जैसे साफ होते जा रहे हैं वैसे-वैसे ही भाजपा समर्थकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है।

हो भी क्यों न भाजपा का गढ़ और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह प्रदेश और लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्यक्षेत्र होने के नाते यहां के परिणाम भाजपा के लिए बहुत मायने रखते हैं।

जब पार्टी छह के छह नगर निगम में जीत की तरफ बढ़ रही हो, चार में जीत चुकी है, तो इस जीत का जश्न और ही बढ़ जाता है।

लेकिन भाजपा के साथ जिस दूसरी पार्टी में गुजरात नगर निगम चुनाव के नतीजों को लेकर जश्न और उत्साह का माहौल है वह अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी है।

राष्ट्रीय राजनीति में पैर जमाने की कोशिश कर रहे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए गुजरात नगर निगम चुनाव के नतीजे एक अच्छा संकेत हैं।

इसके पहले गोवा और कश्मीर ने निकाय चुनाव में भी आम आदमी पार्टी को सफलता मिली थी।

आप के प्रत्याशी हेंजेल फर्नांडीस ने गोवा पंचायत चुनाव में सीट पर जीत दर्ज की थी।

कश्मीर में आप नेता मेहराज मलिक ने डीडीसी चुनाव में डोडा के कहरा सीट पर जीत हासिल की। हालांकि मेहराज ने स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था।

नरेंद्र मोदी का गृह प्रदेश होने के चलते इस समय गुजरात का राष्ट्रीय राजनीति में अपना ही महत्व है। ये बात अरविंद केजरीवाल भी समझते हैं।

यही वजह है आम आदमी पार्टी लंबे समय से गुजरात में खुद को मजबूत करने की तैयारी में लगी है। ये पहली बार है जब आप ने गुजरात के निकाय चुनाव में सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

पार्टी ने न सिर्फ उम्मीदवार मैदान में उतारे बल्कि जीत के लिए प्रमुख नेताओं को राज्य में प्रचार के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई। गुजरात में पार्टी की रणनीति की कमान आप नेता आतिशी के हाथ में थी।

साभार- वन इंडिया हिन्दी