हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण के बहाने कांग्रेस गठबंधन दिखा सकती है ताक़त!

,

   

झारखंड में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन के बहुमत में आने के बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन आज मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

डेली न्यूज़ पर छपी खबर के अनुसार, वे राज्य के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा.रामेश्वर उरांव और कांग्रेस के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम भी शपथ लेंगे। इस बात की पुष्टि राज्य में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने की है।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश के कई कद्दावर नेताओं और उद्योगपतियों सहित कई हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

इसमें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा) प्रमुख शरद पवार, बसपा अध्यक्ष मायावती, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, भाकपा के महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के भी कार्यक्रम में आने की सहमति मिल चुकी है।

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में कई बड़े उद्योगपति भी शिरकत करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में टाटा स्टील के एमडी टी वी नरेंद्रन, जेएसपीएल के सीएमडी नवीन जिंदल, डालमिया ग्रुप के एमडी पुनीत डालमिया, डालमिया ग्रुप के ईडी हरमीत सेठी, रूंगटा माइंस के एमडी सिद्धार्थ रूंगटा, इलेक्ट्रोस्टील के एमडी पंकज मलिहान और राहुल शर्मा,एस्सार के उपाध्यक्ष प्रदीप मित्तल, बिरला ग्रुप के अध्यक्ष प्रमोद उंडे और बृजेश झा सहित कई उद्योगपति एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित होंगे।