देश के अल्पसंख्यकों को साथ लेकर चलना ही होगा- प्रकाश सिंह बादल

, ,

   

केंद्र सरकार और भाजपा पर नाम लिए बिना शिरोमणि अकाली दल (बादल) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने बड़ा हमला बोला है।

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव न लड़ने वाले अकाली दल के संरक्षक बादल ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि देश की वर्तमान स्थिति अच्छी नहीं है।

 

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगर आपको सरकार चलाने में सफल होना है तो अपने सहयोगियों और अल्पसंख्यकों को साथ लेकर चलना होगा। सभी देशवासी खुद को एक परिवार का हिस्सा मानते हैं और सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए।

 

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि वह प्रदेश की कैप्टन सरकार के खिलाफ राजासांसी में आयोजित रोष रैली को संबोधित कर रहे थे।

 

बादल ने कहा कि अकाली दल पहले से ही चाहता था कि मुसलमानों को सीएए में शामिल किया जाए। यह एक ऐसा कानून है जो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता दे सकता है। देश में सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे को गले लगाना चाहिए।

 

इस मामले को लेकर बादल ने कहा कि केंद्र और राज्यों में सत्तासीन लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि देश को संविधान में निहित धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक लोकाचार के अनुसार सख्ती से चलाया जाए।

 

संविधान में लिखा है कि देश में धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक शासन होगा। धर्मनिरपेक्षता के पवित्र सिद्धांतों से छेड़छाड़ हमारे देश को कमजोर कर सकती है।

 

सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए, ताकि भारत को धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के रूप में सुरक्षित और संरक्षित किया जा सके।