पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भारी बर्फबारी, 40 से ज्यादा की मौत!

, ,

   

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के कुछ इलाकों में भारी बारिश, बर्फबारी और अचानक आई बाढ़ से करीब 43 लोगों की मौत हो गई है। हिमस्खलन से राजमार्ग बंद, लोग बर्फ में पैदल चलने को मजबूर।

 

डी डब्ल्य हिन्दी पर छपी खबर के अनुसार, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भारी बर्फबारी और बाढ़ से अब तक करीब 25 लोगों की मौत हो चुकी है।

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक प्रशासन प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की व्यवस्था कर रहा है।

प्रांत के आपदा प्रबंधन प्रमुख इमरान जरकोन के मुताबिक भारी बारिश और बर्फबारी की वजह से 24 घंटे में 14 लोगों की मौत हो गई।

ज्यादातर मौतों की वजह है भारी बर्फबारी से घरों की छत टूटना। पाकिस्तान में बर्फबारी की वजह से कई मुख्य हाईवे बंद हो गए हैं। कुछ इलाकों में छह इंच तक बर्फ जमी हुई है।

पूर्वी पंजाब प्रांत की आपातकालीन सेवा के कर्मचारी अब्दुल सत्तार ने बताया कि भारी बारिश के चलते कई घरों की छत टूट गई, जिसमें ग्यारह लोग मर गए हैं।

अफगानिस्तान के प्रांतीय अधिकारियों के मुताबिक कठोर मौसम की वजह से महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।

प्रांत के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रेस अधिकारी हसीबुल्लाह शिखानी ने बताया कि भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की वजह से अफगानिस्तान के ज्यादातर राजमार्ग बंद हो गए।

कांधार के गवर्नर के प्रवक्ता बहिर अहमदी ने कहा कि दक्षिणी कांधार प्रांत में आठ लोग मारे गए हैं।

पश्चिमी हेरात प्रांत में एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित सात लोगों की मौत हो गई। हेलमंद के गवर्नर के प्रवक्ता उमर जवाक के मुताबिक दक्षिणी हेलमंद प्रांत में तीन लोग मारे गए।