भारत में COVID-19 के मामले 10 दिनों में 2 लाख से बढ़कर 3 लाख हो गए

, ,

   

कोरोनावायरस के कुल 3 लाख मामलों की संख्या पार करने के बाद भारत में शनिवार को 11,458 नए मामले दर्ज किए गए। महज 24 घंटे में सामने आए मामलों की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

 

 

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में कहा गया है कि इन्हीं 24 घंटों में 386 लोगों की जान भी इस घातक वायरस के कारण गई।

 

 

 

30 जनवरी को पहला मामला सामने आने के बाद से अब तक कुल 8,884 लोगों की कोविड-19 के कारण मौत हो चुकी है।

 

 

 

लगातार पांचवें दिन, रोगियों की ठीक होने की संख्या (1,54,329) सक्रिय रोगियों (1,45,779) के मुकाबले अधिक रही। महाराष्ट्र देश में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला राज्य है, जिसमें कुल मामलों की संख्या ने एक लाख का आंकड़ा पार कर लिया है।

 

 

 

यहां कुल 1,01,141 मामले आ चुके हैं, जिनमें 3,717 लोगों की मौतें भी शामिल हैं। वहीं इस दौरान कुल 47,796 रोगी ठीक हुए।

 

 

 

इसके बाद तमिलनाडु में 40,698 और देश की राजधानी दिल्ली में 36,824 कोविड -19 मामले हैं। 10 हजार से अधिक मामलों वाले राज्यों की बात करें तो गुजरात में 22,527 मामले और 1,415 मौतें हुईं। उत्तर प्रदेश में 12,616 मामले , राजस्थान में 12,068 और मध्य प्रदेश में 10,443 मामले हैं।

 

 

 

2 जून को भारत में कोरोना संक्रमण का मामला 2 लाख का आंकड़ा पार कर गया था और अब सिर्फ 10 दिनों में कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख और बढ़कर तीन लाख से ज्यादा हो गया है।

 

 

 

2 जून को देश में कोरोना के 207,615 मामले की पुष्टि हुई थी। तब इनमें से 5,815 लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, 100,303 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके थे। इसके साथ ही 2 जून तक देश में 101,497 एक्टिव केस थे।

 

 

 

देश में 18 मई को कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख के पार हुआ था। इसके साथ ही भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया था जहां कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार था।

 

 

 

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े के तहत देश में तब कोरोना के 1 लाख 1 हजार 139 केस थे। तब दुनिया में 11 देश थे, जहां कोरोना के मामले एक लाख से ज्यादा रहे।

 

 

 

वहीं, भारत में 30 जनवरी को कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पार होने में 100 दिन से ज्यादा का समय लगा। 18 मई को एक लाख का पार आंकड़ा पहुंचा।

 

 

 

वैश्विक स्तर पर जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, अमेरिका इस महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहा है। यहां कोरोना वायरस की चपेट में 2,043,639 लोग हैं, तो वहीं अब तक 114,469 लोगों की मौत हो चुकी है।