15 जुलाई तक इंटरनेशनल फ्लाइट पर रोक, कुछ रूट्स पर मिल सकती है इजाजत: DGCA

,

   

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने शुक्रवार को कहा कि देश में 15 जुलाई तक इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू नहीं होंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ चुनिंदा रूट्स पर इंटरनेशनल फ्लाइट की इजाजत दी जा सकती है। लेकिन यह मामला-दर-मामला के आधार पर दी जाएगी। भारत में कोरोना वायरस महामारी के कारण 23 मार्च को अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गयी थीं।

 

DGCA के एक सर्कुलर के मुताबिक, “सक्षम प्राधिकार ने फैसला किया है कि भारत से अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक यात्री सेवाओं की आवाजाही 15 जुलाई, 2020 को रात 11.59 बजे तक निलंबित रहेगी।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘हालांकि, सक्षम प्राधिकार मामला दर मामला आधार पर चुनिंदा मार्गों पर अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों की अनुमति दे सकता है।’’

 

एयर इंडिया और अन्य निजी घरेलू एयरलाइंस वंदे भारत मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन कर रही हैं। केंद्र सरकार ने विदेशों में फंसे हुए भारतीयों को लाने और यहां अटके विदेशियों को उनके देश पहुंचाने के लिए छह मई को मिशन की शुरुआत की थी। भारत ने दो महीने के अंतराल के बाद 25 मई से घरेलू यात्री उड़ान सेवाओं को बहाल किया था।