क्रिस गेल के 99 रन की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान रॉयल्स के सामने रखा 186 रनों का टार्गेट!

, ,

   

क्रिस गेल मात्र 1 रन से शतक चूके, लेकिन उनकी धमाकेदार पारी की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने आईपीएल 2020 में राजस्थान रॉयल्स के सामने विशाल स्कोर खड़ा किया।

 

नई दुनिया पर छपी खबर के अनुसार, किंग्स इलेवन पंजाब ने 4 विकेट पर 185 रन बनाए। क्रिस गेल ने अपनी 99 रनों की पारी के दौरान खास मुकाम हासिल किया।

 

वे टी20 क्रिकेट में 1000 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। वे 410 टी20 मैचों में 1001 छक्के लगा चुके हैं।

 

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रहे किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही जब मनदीप सिंह पहले ही ओवर में आउट हो गए। जोफ्रा आर्चर की बाउंसर पर बेन स्टोक्स ने मनदीप का शानदार कैच लपका।

 

पंजाब की हालत खराब हो जाती यदि वरुण एरोन की गेंद पर रियान पराग ने क्रिस गेल का कैच नहीं छोड़ा होता, गेल उस समय 10 रनों पर खेल रहे थे।

 

गेल ने इस जीवनदान का लाभ उठाकर खुलकर स्ट्रोक्स खेले। वे 33 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से अर्द्धशतक तक पहुंचे। उन्हें 50 के स्कोर पर भी जीवनदान मिला।

 

केएल राहुल दुर्भाग्यशाली रहे और अर्द्धशतक पूरा नहीं कर पाए। वे 46 रन बनाकर बेन स्टोक्स की गेंद पर डीप मिडविकेट पर राहुल तेवतिया को कैच थमा बैठे। उन्होंने गेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की।

 

निकोलस पूरन छोटी किंतु आक्रामक पारी खेलकर आउट हुए। वे 10 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 22 रन बनाने के बाद बेन स्टोक्स की गेंद पर राहुल तेवतिया द्वारा बाउंड्री लाइन पर लपके गए।

 

गेल ने कार्तिक त्यागी की गेंद पर पारी का सातवां छक्का लगाकर टी20 क्रिेकेट में 1000 छक्के पूरे किए। वे 99 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हुए। उन्होंने 63 गेंदों पर 6 चौके और 8 छक्के लगाए।

 

राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव कर वरुण एरोन को अंकित राजपूत की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। पंजाब टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

 

 

प्रदर्शन में निंरतरता के अभाव से जूझ रहे राजस्थान रॉयल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाए रखने के लिए जबर्दस्त प्रदर्शन कर रहे किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करना होगी।

 

 

लगातार पांच जीत दर्ज कर चुकी पंजाब की टीम इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की तरफ कदम बढ़ाना चाहेगी।