वर्ल्ड मोस्ट पावरफुल पासपोर्ट की सूची में जापान टॉप पर, जानें कितना पावरफुल है भारतीय पासपोर्ट !

,

   

साल 2020 में दुनिया के सबसे पावरफुल पासपोर्ट  की सूची में भारतीय पासपोर्ट दो स्थान खिसककर 84वें स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय पासपोर्टधारक को दुनिया के 58 देशों में बिना वीजा के एंट्री मिल सकती है। एक नए रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। मोस्ट पावरफुल पासपोर्ट की सूची में जापान पहले स्थान पर, जबकि पाकिस्तान सबसे फिसड्डी पासपोर्ट की सूची में चौथे स्थान पर है।

इंटरनैशनल एयर ट्रांसपोर्ट असोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, हेनले ऐंड पार्टनर्स ने पासपोर्ट इंडेक्स जारी किया है, जिसमें देशों की रैंकिंग इस आधार पर की गई है कि पासपोर्टधारक को बिना वीजा के कितने देशों में एंट्री मिल सकती है।

वर्ल्ड मोस्ट पावरफुल पासपोर्ट की सूची में जापान पहले स्थान पर बरकरार है और जापानी पासपोर्ट के साथ 191 देशों की बिना वीजा के यात्रा की जा सकती है।

दुनिया के 10 मोस्ट पावरफुल पासपोर्ट्स

पायदान देश वीजा फ्री एंट्री वाले देशों की संख्या
1 जापान 191
2 सिंगापुर 190
3 जर्मनी, दक्षिण कोरिया 189
4 फिनलैंड, इटली 188
5 डेनमार्क, लक्जमबर्ग, स्पेन 187
6 फ्रांस, स्वीडन 186
7 ऑस्ट्रिया, आयरलैंड, नीदरलैंड, पुर्तगाल, स्विट्जरलैंड 185
8 बेल्जियम, ग्रीस, नॉर्वे, ब्रिटेन, अमेरिका 184
9 ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चेक रिपब्लिक, माल्टा, न्यूजीलैंड 183
10 हंगरी, लिथुआनिया, स्लोवाकिया 181

भारत की रैंकिंग
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में 2 पायदान की गिरावट आई है और यह पिछले साल के 82 के मुकाबले इस साल 84वें स्थान पर पहुंच गया है। इसके साथ मॉरिटेनिया और तजाकिस्तान भी 84वें पायदान पर हैं। भारत के मुकाबले चीन का पासपोर्ट ज्यादा पावरफुल है और यह 71वें पायदान पर है। अफगानिस्तान का पासपोर्ट दुनिया का सबसे फिसड्डी पासपोर्ट है, जबकि पाकिस्तान का पासपोर्ट चौथा सबसे फिसड्डी पासपोर्ट है।

इन देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं भारतीय पासपोर्टधारक
भारतीय पासपोर्टधारक भूटान, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मकाऊ, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका, थाईलैंड, केन्या, मॉरिशस, सेशेल्स, जिम्बॉब्वे, यूगांडा, ईरान तथा कतर सहित 58 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, कुछ देशों में वीजा-ऑन-अराइवल की जरूरत पड़ सकती है।

दुनिया के सबसे फिसड्डी पासपोर्ट

पायदान देश वीजा फ्री एंट्री वाले देशों की संख्या
1 अफगानिस्तान 26
2 इराक 28
3 सीरिया 29
4 पाकिस्तान, सोमालिया 32
5 यमन 33
6 लीबिया 37
7 नेपाल, फिलिस्तीन 38
8 उत्तर कोरिया, सूडान 39
9 कोसोवो, लेबनान 40
10 बांग्लादेश, कांगो, इरिट्रिया, ईरान 41