कल्याण सिंह हुए कोरोना वायरस संक्रमित!

,

   

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, पूर्व राज्यपाल के निजी सचिव ने बताया कि फिलहाल कल्याण सिंह ठीक हैं।

 

उन्हें पीजीआई अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं।

 

उन्होंने बताया कि लखनऊ के मॉल एवेन्यू में निवास कर रहे कल्याण सिंह को दो दिन से बुखार आ रहा था।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका नमूना लिया था। रविवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को उन्हें भर्ती कराया गया है।

 

उधर, शामली सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक तेजेंद्र निर्वाल भी वैश्विक महामारी की चपेट में हैं। सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे विधायक की एंटीजन जांच हुई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

 

प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के हालात बेकाबू हैं। चार दिन पूर्व कारागार मंत्री जय कुमार जैकी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वहीं, बलदेव सिंह औलख के अलावा समाज कल्याण राज्यमंत्री जी.एस.धर्मेश अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा संक्रमित मिले थे।

 

इसके अलावा मंत्री सतीश महाना की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उससे पहले कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी संक्रमित हुए थे।

 

इनके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि और न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हैं।

 

जबकि कोरोना से होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।