कर्नाटक के पूर्व आईपीएस अधिकारी ने थामा बीजेपी का दामन!

,

   

कर्नाटक कैडर के पूर्व आइपीएस अधिकारी अन्नमालाई कुप्पुसामी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी महासचिव पी.मुरलीधर राव की उपस्थिति में वो पार्टी में शामिल हो गए हैं।

 

इस दौरान तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष एल. मुरुगन भी मौजूद थे। बता दें कि अन्नमालाई कुप्पुसामी सिंघम के नाम से भी मशहूर हैं और अब तमिलनाडु भाजपा में शामिल हुए हैं।

 

एल. मुरुगन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “तमिलनाडु में भी भाजपा कई क्षेत्रों और कई वर्गों के लोगों को आकर्षित कर रही है। अन्नामलाई कुप्पुसामी पार्टी में शामिल हुए हैं।”

 

वहीं पूर्व आइपीएस अधिकारी ने कहा, “मुझे इस संगठन में शामिल होने का अवसर देने के लिए मैं पार्टी को धन्यवाद करता हूं। यह मेरे लिए बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है। मैं इस पार्टी में एक वफादार सैनिक के रूप में आया हूं।”

 

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनसीआर) के विरोध के नाम पर शाहीनबाग में करीब तीन महीने तक विरोध प्रदर्शन करने वाले कुछ लोग भाजपा में शामिल हो गए हैं।

 

कुछ दिन पहले ही राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल दिल्ली के सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता शहजाद अली, डॉ. मेहरीन और आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यकर्ता तबस्सुम हुसैन समेत शाहीनबाग में रहने वाले कई लोग भाजपा में शामिल हो गए हैं।

दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इन सभी का स्वागत किया।

 

जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल 15 दिसंबर से शाहीनबाग में प्रदर्शन शुरू हुआ था, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी।

 

विधानसभा चुनाव में यह बड़ा मुद्दा भी बना था। कोरोना महामारी के कारण 24 मार्च को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया था। बाद में भी कुछ लोगों ने फिर से प्रदर्शन शुरू करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।

 

वहीं अब प्रदर्शन में शामिल लोग कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व अन्य दलों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगा रहे हैं।