कोविड-19: पिछले 24 घंटे में 311 लोगों की मौत!

,

   

भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 11,929 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,20,922 हो गई, वहीं 311 और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 9,195 पर पहुंच गई।

 

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट इन पर छपी खबर के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण से मौत के मामले में भारत सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में नौंवे स्थान पर है।

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में, रविवार सुबह तक देश में संक्रमण के कारण 311 लोगों की मौत हुई।

 

हालांकि करीब 50 फीसदी संक्रमित लोग ठीक भी हुए। मंत्रालय के सुबह अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में 1,49,348 लोग संक्रमित हैं, वहीं 1,62,378 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और एक मरीज विदेश चला गया है।

 

दुनियाभर से कोविड-19 का डेटा एकत्रित करने वाले जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय ने संक्रमण से मौत के लिहाज से भारत को नौंवे स्थान पर रखा है और संक्रमण के कुल मामलों को देखते हुए सर्वाधिक प्रभावित देशों में चौथे स्थान पर रखा है।

 

यह लगातार तीसरा दिन है जब देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।

 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रविवार सुबह आठ बजे तक कोविड-19 के 8,049 मरीज ठीक हो गए। ठीक होने वाले मरीजों की दर 50.60 फीसदी है जो संक्रमित लोगों की तुलना में अधिक है।

 

मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 के नमूने जांचने की आईसीएमआर की क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है। 646 सरकारी तथा 247 निजी प्रयोगशालाओं समेत कुल 893 प्रयोगशालाओं में सुबह नौ बजे तक 56,58,614 नमूनों की जांच की गई, इनमें से 1,51,432 नमूनों की जांच बीते 24 घंटे में की गई।

 

कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले कुल 9,195 लोगों में से 3,830 लोग महाराष्ट्र से हैं जबकि गुजरात में 1,448 लोगों की और दिल्ली में 1,271 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में 463 ,मध्य प्रदेश में 447 ,तमिलनाडु में 397 और उत्तर प्रदेश में 385 लोगों की मौत हो गई है।

 

राजस्थान में 282, तेलंगाना में 182, आंध्र प्रदेश में 82 ,कर्नाटक में 81, हरियाणा में 78, पंजाब में 65, जम्मू कश्मीर में 55 , बिहार में 39, उत्तराखंड में 23 और केरल में 19 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। ओडिशा में अब तक 10 लोगों की मौत हुई , झारखंड और असम में आठ-आठ, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में छह-छह लोगों की मौत हो चुकी है।

 

मंत्रालय के अनुसार चंडीगढ़ में पांच, पुडुचेरी में दो, मेघालय,त्रिपुरा और लद्दाख में एक-एक मरीज की मौत हुई है। मंत्रालय ने अनुसार कोविड-19 के कारण मरने वाले 70 फीसदी से अधिक मरीज अन्य रोगों से भी ग्रस्त थे। संक्रमण से मरने वाले 311 लोगों में से 113 लोग महाराष्ट्र से ,57 दिल्ली से, गजुरात से 33 और तमिलनाडु से 30 लोग शामिल हैं।