कोविड-19 मामलों के आंकड़े छिपाने को लेकर हो रही अंतरराष्ट्रीय आलोचना के बीच चीन ने मृतकों की संख्या में शुक्रवार को संशोधन किया।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट इन पर छपी खबर के अनुसार, चीन ने कोरोना वायरस के उत्पत्ति केंद्र वुहान शहर में मृतकों की संख्या में 1,290 का इजाफा किया, जिससे चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 4,632 हो गई।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने शुक्रवार को कोविड-19 के पुष्टि किए गए मामलों और बीमारी के कारण होने वाली मौतों की संख्या को संशोधित किया।
वुहान में 16 अप्रैल तक कोरोना वायरस के पुष्टि किए गए कुल मामलों में 325 की वृद्धि की गयी जो बढ़कर 50,333 हो गए और मृतकों की संख्या 1,290 की वृद्धि की गयी।
इस तरह कोरोना वायरस से मौतों की पुष्टि के बाद मृतक संख्या 3,869 हो गई।
संशोधित आंकड़ों के मुताबिक चीन में कोविड-19 से हुई मौतों की कुल संख्या बढ़कर 4,632 हो गई है। कुल मामलों की संख्या भी बढ़कर 82,692 हो गई है।
वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने एक अधिसूचना में कहा कि संशोधन संबंधित कानूनों और नियमों और इतिहास, लोगों और मृतकों के प्रति जिम्मेदार होने के सिद्धांत के अनुसार किए गए हैं।
कोरोना वायरस के मामलों की संख्या और इसकी गंभीरता को कथित तौर पर छिपाने को लेकर अमेरिका और अन्य राष्ट्रों द्वारा चीन की तीखी आलोचना के बीच आंकड़ों में यह संशोधन किया गया है।
पिछले दिसंबर में वुहान शहर से कोरोना वायरस का संक्रमण फैलना शुरू हुआ था। ऐसा कहा जा रहा है कि यह वुहान के स्थानीय हुनान सी फूड मार्केट से फैला। चीन में तबाही मचाने के बाद अब यह संक्रमण दुनियाभर में फैल चुका है।