कोविड-19: जानिए, 24 घंटे में क्या है दुनिया में हालात?

, ,

   

कोरोना संक्रमण के चलते बीते 24 घंटों में पूरी दुनिया में इसके 32476 नए मामले सामने आए हैं। इसमें भारत भी शामिल है। इनमें सबसे अधिक मामले रूस और अमेरिका में सामने आए हैं।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, ये दोनों ही देश अपने महाद्वीप में फिलहाल इस जानलेवा वायरस का केंद्र बने हुए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान रूस में जहां 7933 नए मामले सामने आए हैं वहीं एक ही दिन में 96 लोगों की मौत भी हुई है।

 

वहीं अमेरिका की बात करें तो यहां पर 5585 नए मामले बीते 24 घंटों में सामने आए और 166 लोगों ने दम तोड़ा है।

 

ताजा आंकड़े

इस संबंध में दुनियाभर के ताजा आंकड़े बताते हैं कि पूरी दुनिया में इस जानलेवा वायरस स संक्रमित 3336646 मरीज हैं। 235244 की मौत इसकी वजह से हो चुकी है। अब तक 1054714 मरीज ठीक भी हुए हैं। दुनियाभर के कुल मामलों में से 2046688 एक्टिव केस हैं जबकि 50608 मरीजों की हालत पूरी दुनिया में गंभीर बनी हुई है।

 

मौतों का आंकड़ा

वर्ल्‍डओमीटर के आंकड़ों पर यदि नजर डालें और इनका विश्‍लेषण करें तो पता चलता है कि बीते 24 घंटों के अंदर दुनिया के 56 देशों में 1420 लोगों की मौत इस जानलेवा वायरस की वजह से हुई है।

 

मौतों के मामले में सबसे ऊपर स्‍पेन है जो यूरोप में इस महामारी का केंद्र बना हुआ है। यहां पर एक ही दिन में 281 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद दूसरे नंबर पर अमेरिका है।

 

तीसरे नंबर पर मैक्सिको है जहां 129 लोगों ने एक ही दिन में दम तोड़ा है। इसके बाद चौथे नंबर पर बेल्जियम है जहां 109 मौते हुई हैं और पांचवें नंबर पर ब्राजील है जहां 105 लोग काल के ग्रास में समा गए।

 

आंकड़ों का विश्‍लेषण

इन आंकड़ों का विश्‍लेषण करने पर और इन्‍हें कुछ कैटेगरी में बांटने पर कुछ रोचक जानकारी निकलकर सामने आती है। इनके मुताबिक बीते 24 घंटों केदौरान दुनिया के 28 देशों में कोरेाना वायरस के अधिकतम दस मामले सामने आए।

 

13 देशों में ये 10-20 मामले सामने आए। दस देशों में 20-50 मामले सामने आए। नौ देशों में 100-200 मामले सामने आए हैं। वहीं 14 देश ऐसे हैं जहां पर 200-500 नए मामले सामने आए हैं। सात देशों में 500-1000 मामले सामने आए हैं।

 

वहीं 5 देश ऐसे हैं जहां इनकी संख्‍या 1000-5000 के बीच है। रूस और अमेरिका में 5000 से अधिक मामले बीते 24 घंटों के दौरान सामने आए हैं। वहीं दुनिया के 117 देशों में बीते 24 घंटों में इस जानलेवा वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है।

 

इसके अलावा छह देशों में बीते एक दिन में किसी को ठीक होने के बाद डिस्‍चार्ज नहीं किया गया जबकि चार देशों में कुछ मरीजों को ठीक होने के बाद अस्‍पताल से छुट्टी दे दी गई है।

 

सात महाद्वीप पर एक नजर

अंत में आपको दुनिया में सभी सात में से छह महाद्वीप पर फैले इस वायरस से ग्रसित ऐसे दो बड़े देशों के बारे में जानकारी दिए देते हैं जो अलग-अलग महाद्वीप से संबंध रखते हैं।

 

इसमें एशिया में रूस और चीन हैं तो यूरोप में स्‍पेन और इटली हैं। उत्‍तरी अमेरिका में अमेरिका और कनाडा है तो दक्षिण अमेरिका में ब्राजील और पेरू हैं।

 

अफ्रीका में दक्षिण अफ्रीका और मिस्र हैं। आस्‍ट्रेलिया में आस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड हैं। दुनिया का 7वां महाद्वीप अंटार्कटिका पर इस वायरस का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया हे।