कोविड-19 : महाराष्ट्र में संक्रमित लोगों की संख्या 1 लाख के पार!

,

   

भारत में कोरोना वायरस के मामले लॉकडाउन से राहत मिलने के बाद तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 11314 मामले सामने आए हैं।

 

हरिभूमी पर छपी खबर के अनुसार, 388 लोगों की 12 जून को मौत हुई है। इसके बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 3 लाख 9 हजार 603 हो गई है।

 

भारत में 10 दिन के भीतर 1 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में हालात बदतर हो चुके हैं। महाराष्ट्र में ही सिर्फ कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख को पार कर गई है।

 

आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में 12 जून को 3493 मामले आने के बाद प्रदेश के 1,01,141 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

 

इसके अलावा तमिलनाडु में 12 जून को 1982, दिल्ली में 2137, उत्तर प्रदेश में 528, गुजरात में 495, पश्चिमी बंगाल में 476 और हरियाणा में 366 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है।

 

दूसरी तरफ भारत में कोरोना वायरस संक्रमितो का आंकड़ा 3,09,603 पर पहुंच गया है। इनमें से 1,46,460 मरीज महामारी से जूझ रहे हैं।

 

अभी तक 1,54,231 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। देश में अभी तक 8890 लोगों की महामारी से मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 388 लोगों ने दम तोड़ा है।

 

भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों का अंंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 2 लाख से तीन लाख होने में सिर्फ 10 दिन का वक्त लगा है।

 

जबकि पहले एक लाख संक्रमित होने में 110 दिन लगे थे। जबकि 1 लाख से दो लाख होने में 15 दिन का वक्त लगा था। देश में 18 मई को 1 लाख, 2 जून को दो लाख और 12 जून को तीन लाख कोरोना वायरस संक्रमित हुए हैं।

 

भारत में कल 388 लोगों की मौत हुई है। लेकिन चिंताजनक बात है कि महाराष्ट्र से ज्यादा दिल्ली में लोगों ने दम तोड़ा है। महाराष्ट्र में कल 12 जून को 127 लोगों की महामारी से मौत हुई है।

 

जबकि दिल्ली में 129 लोगों ने दम तोड़ा है। ऐसा पहली बार हुआ है जब महाराष्ट्र से ज्यादा किसी राज्य में एक दिन में मौत हुई हैं। महाराष्ट्र में अभी तक 3717 और दिल्ली में 1214 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कल गुजरात में 31, उत्तर प्रदेश में 20 लोगों की मौत हुई है।

 

कोरोना वायरस का प्रकोप देश के तीन राज्यों में अधिक है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में 2 लाख से अधिक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

 

आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में 1,01,141, तमिलनाडु में 40,698 और दिल्ली में 36,824 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है।

 

जबकि गुजरात के 22,562 मामलों को भी जोड़ दिया जाए तो चार राज्यों में 2.31 लाख से अधिक लोग महामारी की चपेट में आए हैं। जबकि देश के अन्य राज्यों में कुल 78 हजार के करीब मामले हैं।