कोविड-19: देश में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की संख्या 1100 के पार!

,

   

भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में 110 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद सोमवार को संक्रमितों की संख्या 1029 से बढ़कर 1152 हो गई है।

 

हरिभूमी पर छपी खबर के अनुसार, इनमें से अकेले 400 से अधिक मामले महाराष्ट्र और केरल में सामने आए हैं। वहीं सरकार ने अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा है कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है।

 

भारत में हर रोज कोरोना वायरस विकराल रूप लेता जा रहा है। 6 दिन में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या दोगुना से अधिक हो गई है। 24 मार्च को संक्रमितों की संख्या 571 थी जबकि 30 मार्च को यह आंकड़ा 1152 हो गया है।

 

इसके अलावा मृतकों की संख्या 28 है। आंकड़ों के मुताबिक 1152 में से 102 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा 1022 लोगों का उपचार चल रहा है।

 

वहीं कैबिनेट सचिव राजीव ने कहा है कि मैं ऐसी रिपोर्ट देखकर आश्चर्यचकित हूं। जिसमें कहा जा रहा है कि लॉकडाउन आगे बढ़ाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सरकार की लॉकडाउन आगे बढ़ाने की कोई योजना फिलहाल नहीं है। दूसरी तरफ सरकार ने राज्यों की सीमाओं को सील करने के निर्देश दिए हैं। इसके कारण नेपाल बॉर्डर पर सैकड़ों लोग फंस गए हैं।

 

राजस्थान- जोधपुर में कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है। लद्धाख निवासी 41 वर्षीय युवक को ईरान से निकालकर राजस्थान लाया गया था। इसके बाद राज्य में अभी तक 60 मामले सामने आए हैं।

 

इससे पहले अजमेर में 23 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के तीन सदस्य भी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित सिंह ने कहा कि राजस्थान में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की संख्या प्रदेश में 59 है।

 

इनमें से 3 लोग ठीक गए हैं। जबकि 56 लोग अभी भी उपचाराधीन हैं।

 

तेलंगाना- मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि प्रदेश में अभी 70 कोरोना वायरस से संक्रमित लोग हैं। इनमें से 11 मरीज ठीक हो चुके हैं। यदि हम लॉकडाउन नियमों का पालन करते हैं तो 7 अप्रैल तक प्रदेश कोरोना वायरस मुक्त होगा।

 

दिल्ली- लोक नायक अस्पताल में कोरोना वायरस से संभावित संक्रमित 85 लोग रात में भर्ती हुए हैं। अभी तक 106 लोग भर्ती हो चुके हैं। दिल्ली परिवहन निगम ने क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो प्रबंधकों को आदेश दिए हैं कि बसों पर लिखा जाए कि ये केवल आवश्यक सेवाओं के कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए हैं।

 

मध्यप्रदेश- कोरोना वायरस के 8 नए मामले सामने आए हैं। जिनमें से सात मामले अकेले इंदौर में आए हैं। जबकि एक मामला उज्जैन का है। जिसके बाद कुल मामले बढ़कर इंदौर में 32 हो गए हैं।

 

पंजाब – पटियाला के रामनगर गांव को प्रशासन ने सील कर दिया गया है। यहां पर 21 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। हालांकि परिवार के सभी सदस्यों की रिपोर्ट नेगिटिव आयी है। इसके बावजूद सभी गांव वासियों को घरों में अंदर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

उत्तर प्रदेश- लखनऊ में यूपी सरकार ने चार होटल अधिग्रहित किए हैं। मरीजों का उपचार कर रहे डॉक्टरों के लिए इन्हें लिया गया है। ताकि डॉक्टर उनमें रूक सकें। जानकारी के मुताबिक हयात रेजिडेंसी, लेमन ट्री, फेरडील होटल को डॉक्टरों के लिए सरकार ने लिया है।

 

महाराष्ट्र- प्रदेश में आज 12 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 215 हो गई है। जिनमें से पांच पुणे, तीन मुंबई, 2 नागपुर, एक-एक कोल्हापुर और नासिक में संक्रमित मिले हैं।