महाराष्ट्र CID की वेबसाइट हैक, मोदी सरकार को दी चेतावनी!

,

   

महाराष्ट्र पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (CID) की वेबसाइट शुक्रवार को अज्ञात हैकर द्वारा हैक कर ली गई। हैकिंग के बाद वेबसाइट पर “भारतीय पुलिस तथा मोदी सरकार” के ख़िलाफ़ मुसलमानों की भावनाएं आहत करने से जुड़ी चेतावनी दिखने लगी।

 

एशिया विले न्यूज़ डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, महाराष्ट्र सीआईडी प्रमुख अतुल चंद्र कुलकर्णी ने दावा किया कि यह हैकिंग नहीं थी, बल्कि परिष्कृत वेबसाइट की सुरक्षा विशेषताओं की जांच करने के लिए एक “परीक्षण” था।

 

 

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कुलकर्णी ने कहा, हमारा डेटा सुरक्षित है और वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा से किसी तरह के समझौते का कोई सवाल ही नहीं है।

 

हैक वेबपेज पर बोल्ड फॉन्ट में गवर्नमेंट ऑफ इमाम महदी लिखा था और उस पर हाथों में झंडा लिए एक घुड़सवार की तस्वीर थी। इसके साथ ही एक संदेश भी वेबपेज पर दिख रहा था, “भारतीय पुलिस और मोदी सरकार हम चेतावनी देते हैं, मुसलमानों को परेशान करना बंद करो..इमाम महदी जल्द आ रहे हैं।

 

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हैकर्स ने खुद को एक सैन्य टुकड़ी बताया है। हैकर्स ने कहा है कि दिल्ली हिंसा में मारे गए लोगों को श्रृद्धांजलि देने के लिए उन्होंने ऐसा किया है। ग़ौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली में हुई हिंसा में कई लोग मारे गए थे और घायल हुए थेे।

 

इस्लाम में इमाम मेहदी को इस्लाम का आखिरी पैगंबर माना गया है। इस्लाम में इमाम मेहदी को लेकर कई तरह की मान्यताएं भी प्रचलित हैं। गौरतलब है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में तीन दिनों तक हिंसा का तांडव देखने को मिला था।

 

इस हैकिंग की ज़िम्मेदारी ‘लीज़न’ नामक समूह ने ली है। हालांकि अब तक ये साफ़ नहीं हो पाया है कि ये वही समूह है जिसने 2016 में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नामचीन व्यक्तियों का ट्विटर हैंडल हैक कर लिया था।