महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: कांग्रेस की पहली लिस्ट में चार मुस्लिम उम्मीदवार!

, ,

   

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पहली लिस्ट में चार मुस्लिम उम्मीदवारों को जगह दी गई है

कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 51 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को भोकर सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी ने 2014 के विधानसभा चुनावों में जीती गई 42 सीटों में से 23 पर मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है।

कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में (प्रत्याशियों के) नामों को मंजूरी दिये जाने के बाद उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।

अशोक चव्हाण की पत्नी अमिता शर्मा चव्हाण भोकर से मौजूदा विधायक हैं। उन्होंने 2014 में चव्हाण के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अपना पहला चुनाव लड़ा था।

राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की प्रथम सूची के मुताबिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय बालासाहेब थोराट को संगमनेर से उम्मीदवार बनाया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे अमित को लातूर (शहर) सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रणिती सोलापुर शहर (मध्य) सीट से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन राउत को नागपुर उत्तर (सुरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

पहली सूची में मुंबई की नौ सीटें भी शामिल हैं। कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अशोक उर्फ जगताप को मुंबई में कोलाबा सीट से टिकट दिया है।

इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व राज्य विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक एवं छह बार के विधायक राज के.पुरोहित कर रहे हैं। कांग्रेस की नई पीढ़ी के नेताओं को भी इस सूची में जगह मिली है। मौजूदा एमएलसी सतेज पतलीम के भतीजे रितुराज संजय पाटिल को कोल्हापुर दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।