मध्यप्रदेश में हिन्दू महिला का मुसलमानों ने किया अंतिम संस्कार!

,

   

मध्य प्रदेश समेत देशभर में कोरोना वायरस बहुत तेजी से अपने पैर पसार रहा है। इस संकट की घड़ी के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आपसी भाईचारे की एक मिसाली तस्वीर सामने आई है।

 

पत्रिका पर छपी खबर के अनुसार, कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए देशभर में एक बार फिर 19 दिनों का लॉकडाउन किया गया है।

 

इस लॉकडाउन के कारण कोई भी व्यक्ति अपने घरों से नहीं निकल पा रहा है। इसी स्थित में भोपाल के टीलाजमालपुरा इलाके में एक हिन्दू महिला की मौत हो गई।

 

लॉकडाउन के चलते मृतक महिला का कोई भी रिश्तेदार शोक में शामिल नहीं हो सका। ऐसे में इलाके के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरी तरह हिन्दू रीति रिवाज के साथ महिला का क्रिया करम किया।

 

यहां तक की अंतिम यात्रा के दौरान ‘राम नाम सत्य है’ कहने का भी पालन किया गया।

 

महिला की अंतिम यात्रा में शामिल टीलाजमालपुरा निवासी शाहरुक ने बताया कि, मृतक महिला और उनके पति क्षमा रामदेव इलाके में ही रहते हैं।

 

पिछले कई दिनों से महिला भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती थी। उसे टीबी की शिकायत थी। मंगलवार रात करीब 4 बजे महिला की मौत हो गई।

 

इसके बाद सुबह से ही मृतका के पति द्वारा रिश्तेदारों को सूचित किया गया, लेकिन लॉकडाउन के चलते कोई भी रिश्तेदार शोक में शामिल नहीं हो सका।

 

ऐसे में उनके साथ मौहल्ले में रहने वाले इरफान, पप्पू, नदीम, अकबर, रफीक, मोहसिन, मौनिस आद लोगों ने आगे आकर हिन्दू नियमों का पालन करते हुए महिला का अंतिम संस्कार किया।