मुकेश खन्ना का महिलाओं को लेकर विवादित बयान!

, ,

   

बीआर चोपड़ा के बहुचर्चित धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘भीष्म पितामह’ के किरदार से सुर्खियों में आए मुकेश खन्ना का विवादों के साथ गहरा नाता बन चुका है।

 

साक्षी समाचार पर छपी खबर के अनुसार, पिछले दिनों ‘द कपिल शर्मा शो’ को वाहयात बताकर पहले ही वह विवादों में आ चुके थे। इसके बाद अभी कुछ ही समय बीता था और अब मुकेश खन्ना के एक पुराने ​वीडियो ने एक बार फिर उन्हें विवादों में घेर लिया है।

 

बच्चों के लिए सीरियल ‘शक्तिमान’ बनाने वाले मुकेश खन्ना को इस वीडियो में #MeToo पर विचार व्यक्त करते हुए देखा जा सकता है।

 

 

इस वीडियो में उन्हें महिलाओं और पुरुषों को उनके कर्तव्यों का ध्यान दिलाते हुए भी देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में मुकेश खन्ना ने महिलाओं के घर से बाहर निकलकर काम करने पर आपत्ति जाहिर की है।

 

 

खन्ना ने वीडियो में कहा कि महिलाओं का घर से बाहर निकलना ही समस्या की जड़ है। हालांकि यह विवाद सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रह गया है।

 

 

उन्होंने अपने इस बयान को ‘मी टू’ मुहिम के साथ भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा- ये ‘मी टू’ की प्रॉब्लम शुरू तब हुई, जब महिलाओं ने घर से बाहर निकलकर काम करना शुरू किया।

 

वे आज पुरुषों संग कंधे से कंधा मिलाकर काम करना चाहती हैं लेकिन इससे सबसे ज्यादा वो बच्चा सफर करता है जिसे अपनी मां से दूर होना पड़ता है।

 

 

वो बच्चा एक आया के साथ रहने को मजबूर होता है। उसके साथ बैठकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जैसे सीरियल देखता है।

 

वीडियो में मुकेश खन्ना ये भी स्पष्ट कह रहे हैं कि मर्द मर्द होता है और औरत, औरत ही रहती है। सोशल मीडिया पर मुकेश खन्ना के इस वीडियो पर बवाल खड़ा हो गया है।

 

उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा है। अपने इस पुराने वीडियो पर मुकेश खन्ना क्या सफाई पेश करते हैं, ये देखने वाली बात होगी। लेकिन अभी तो उन्हें लोगों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है।

 

कई ऐसे यूजर भी हैं, जो कह रहे हैं कि शक्तिमान तो असल जिंदगी का किलविश निकला। वहीं कई ऐसे भी हैं जो मुकेश खन्ना के सभी सीरियल्स और शोज को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं।

 

बता दें कि इससे पहले मुकेश खन्ना ने अक्षय की फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब पर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि मेकर्स ने अगर किसी दूसरे धर्म को लेकर ऐसा टाइटल दिया होता तो तलवारें निकल आतीं।

 

उन्होंने अपील की थी कि मेकर्स फिल्म के टाइटल को तुरंत बदल लें। वैसे हुआ भी कुछ ऐसा ही है, लक्ष्मी बॉम्ब की जगह अब फिल्म का नाम लक्ष्मी रख दिया गया है।