भारत में अल्पसंख्यक अपने धार्मिक स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहे हैं- मुख्तार अब्बास नकवी

,

   

झारखंड में युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को ‘जघन्य अपराध’ करार देते हुए अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पूरे मामले को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।

मुंबई के हज हाउस में पुनर्निर्मित हॉल का उद्घाटन करने पंहुचे नकवी ने झारखंड की घटना पर साफ कहा कि जो लोग भी इस मामले में शामिल हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इस तरह के मामलों में सियासत की जगह भी नहीं होनी चाहिए।

नकवी ने कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुसलिम समुदाय के लोगो को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि ‘कोई भी नकारात्मक एजेंडा, विकास और सौहार्द के माहौल को खराब ना करने पाए’। उन्होंने कहा कि पंथनिरपेक्षता और लोकतंत्र को सकारात्मक ताकत बनाना होगा, नकारात्मक कमजोरी नहीं।

नकवी ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति और भारत में वर्षो से रह रहे मिले जुले समाज की विशेषताओं पर कहा कि भारत की पंथनिरपेक्षता की मजबूत नींव बहुसंख्यक हिन्दू समुदाय के सहिष्णुता के संस्कार से तैयार हुई है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा पंथनिरपेक्ष-लोकतांत्रिक देश इसलिए है, क्योकि जब बंटवारे के बाद पाकिस्तान इस्लामिक राष्ट्र बन रहा था तब हिंदुस्तान के बहुसंख्यक हिन्दू समाज ने पंथनिरपेक्षता का रास्ता चुना।

नकवी ने अपने भाषण में आगे कहा कि अलग-अलग भाषा, आस्था, खान-पान, रहन-सहन के बावजूद भी भारत की इसी संस्कृति और संस्कार ने हमें एकता की मजबूत डोर से बांध रखा है। आज भारत में अल्पसंख्यक पूरी तरह से अपने धार्मिक-सामाजिक सरोकार की स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

जागरण डॉट कॉम के अनुसार, नकवी ने कहा कि भारत की इसी एकता और सौहार्द की साझा संस्कृति ने आतंकवाद और इंसानियत के अन्य दुश्मनों को परास्त किया है और देश में अलकायदा और आईएस जैसी शैतानी ताकतों की जड़ों को जमने नहीं दिया। भारत का मुस्लिम समाज अच्छी तरह जानता है कि आतंकवाद इंसानियत ही नहीं इस्लाम का भी सबसे बड़ा दुश्मन है।

नकवी ने सरकार की नीतियों को सराहते हुए कहा कि वर्ष 2019 में 2 लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के हज यात्रा करेंगे, हमारी ईमानदार-पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है कि सब्सिडी खत्म होने के बाद भी हज यात्रियों पर गैर जरुरी बोझ नहीं पड़ने पाया और देश के इतिहास में सबसे ज्यादा भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज यात्रा पर जायेंगे।