कोरोना को लेकर भारत से आने वाले सभी यात्रियों पर न्यूजीलैंड ने लगाई रोक!

, , ,

   

भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। कोरोना वैक्सीन के लिए भारत की ओर देख रहे तमाम देश भी अब यहां बढ़ते मामलों से चिंतित नजर आ रहे हैं।

न्यूजीलैंड ने तो भारत से यात्रियों के आगमन पर ही 28 अप्रैल तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। खौफ किस कदर है, इसका अंदाजा यहां से लगाया जा सकता है कि भारत में रह रहे न्यूजीलैंड के लोग भी इस अवधि तक अपने देश नहीं लौट पाएंगे।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अर्डर्न ने गुरुवार को ऐलान किया है कि 11 से 28 अप्रैल तक न्यूजीलैंड में भारत से आने वाले यात्रियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पीएम जेसिंडा ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी तरह के यात्रियों के भारत से आने पर बैन लगा दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक न्‍यूजीलैंड में अभी तक कोरोना के महज 2507 मामले ही सामने आए हैं।

न्यूजीलैंड ने कोरोना नियंत्रण पर प्रभावी कदम उठाए हैं, जिसके चलते उसे दुनियाभर के देशों से सराहना मिली है। वहीं भारत की बात करें तो एक दिन में 1,15,736 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 1,28,01,785 हो गई है।

तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 630 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,66,177 पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के तेजी बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताते हुए राज्यों को कोरोना टेस्ट बढ़ाने के लिए कहा है।