योगी सरकार ने शर्तों के साथ रामलीला की दी इजाज़त!

, , ,

   

व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर दुर्गा पूजा, रामलीला के आयोजन व शादियों में बैंड बाजा तथा रोड लाइट के प्रयोग को लेकर बात की।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा है कि सार्वजनिक रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन नहीं किया जाएगा।

 

लोग अपने घर में प्रतिमा स्थापित कर सकते हैं। पुष्पदंत जैन के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा व दुर्गा पूजा में किसी भी प्रकार का आयोजन सड़क पर नहीं होगा।

 

कोई जुलूस नहीं निकलेगा। रामलीला का आयोजन कर सकते हैं लेकिन मैदान में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए अधिकतम 100 लोग ही शामिल हो सकेंगे।

 

शादियों में बैंड बाजा व रोड लाइट वालों को अनुमति की मांग भी उनकी ओर से की गई। इस मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित 100 की संख्या में उचित दूरी बनाकर कोविड 19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए बैंड बाजा व रोड लाइट का प्रयोग किया जा सकेगा।

 

ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को मिलकर अपनी बात रखी। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम पंचायत संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिलकर पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने पर प्रशासकीय समिति के गठन की मांग की।

 

उन्होंने कहा कि कार्यकाल 25 दिसंबर को समाप्त हो रहा है ऐसी दशा में या तो कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाया जाए या मध्य प्रदेश की तर्ज पर प्रशासकीय समिति गठित की जाए, जिसमें वर्तमान ग्राम प्रधान व सदस्य ही शामिल हों।

 

प्रतिनिधि मंडल में कृष्ण चंद वर्मा, छोटेलाल पासवान, विजय बहादुर यादव आदि शामिल रहे। पिपरौली ब्लाक के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर मांग की कि भौवापार-बेला बांध के किनारे ग्राम महोब से जोतबगही धस्की तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।

 

इससे कलानी खुर्द महोब, कलानी बुजुर्ग, फरसही, भिलोरही, चक टेल्हना, भौवापार, जोत खैरा, जोत बड़हरा, चेरियां, ऊंचगांव, बलुईगाड़ा, जोतबगही, धस्की, कालाबांग आदि गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

 

मुख्यमंत्री से मिलने वालों में प्रधान संघ अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, शिव प्रकाश शाही, विजय नारायण पांडेय, गणपत भारद्वाज, अरुण सिंह टुन्नू, उमेश यादव, विकास गिरी, शुभंकर यादव, संतोष चंद आदि शामिल रहे।