ओम प्रकाश राजभर ने कहा- ‘मेरे श्राप से बर्बाद हुई बीजेपी’

,

   

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री पद पर रह चुके भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उनके श्राप के कारण दिल्ली चुनाव में बुरी तरह शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

 

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, ओपी राजभर ने कहा कि, ”मैं झारखंड गया, वहां भाजपा की विदाई हुई। उसके बाद दिल्ली गया, वहां भी भाजपा की करारी मात हुई।”

 

उन्होंने कहा कि, ”दिल्ली में भाजपा के 11 सीएम, 200 सांसद और लाखों कार्यकर्ता, RSS के कार्यकर्ता प्रचार में लगे थे। मैं वहां भाजपा को श्राप देकर आया था।

 

मैंने कहा था कि ये महाराजा सुहेलदेव का वंशज श्राप देता है कि भाजपा तबाह हो जाएगी।” ओपी राजभर ने बुधवार को गाजीपुर में वंचित समाज अधिकार रैली को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं है।

 

जहूराबाद क्षेत्र के अलावलपुर अफगा गांव में भागीदारी संकल्प मोर्चा के बैनर तले आयोजित की गई इस रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर बसपा सरकार में मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे।

 

भासपा अध्यक्ष ने कहा कि, ”2024 का विधानसभा चुनाव होने दीजिए। लखनऊ का रास्ता तो छोड़ ही दीजिए। भाजपा को सात समंदर पार पहुंचा देंगे।”

 

उन्होंने रैली में उपस्थित लोगों से कहा कि, ”सियासत के कीड़े को मार दीजिए फिर अपनी सरकार बना लीजिए। मालिक बनके अपना अधिकार ले लो भीख क्या मांगते हो।”