वंदे भारत मिशन के तहत अब तक 12 हजार लोगों को विदेश से लाया गया

,

   

विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए सरकार द्वारा चलाए गए वंदे भारत मिशन के तहत भारत ने अब तक 12,000 से अधिक लोगों को निकाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने एक बयान जारी कर कहा कि मिशन के आठवें दिन 56 उड़ानों के जरिये 12 देशों से भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया है। 904 भारतीयों को इस सप्ताह की शुरुआत में आइएनएस जलस्व और आइएनएस मगर द्वारा मालदीव से वापस लाया गया था। अन्य लोग विभिन्न देशों से संचालित उड़ानों से आए हैं।

कई मंत्रालय के साथ राज्‍य सरकारें भी हैं काम में शामिल    

उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए सरकार द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा और सबसे जटिल अभ्यास है। उन्होंने कहा कि हम इस अभ्यास में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ-साथ संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

16 से शुरू होगा वंदे भारत का दूसरा चरण 

भारत 16 मई से 22 मई तक वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण संचालित करेगा। इस चरण में 31 देशों के भारतीयों को वापस लाया जाएगा। इस चरण में फीडर उड़ानों सहित 149 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इस दौरान 149 उड़ानों में से 13 उड़ानें अमेरिका से, 11 संयुक्त अरब अमीरात से, 10 कनाडा से, नौ सऊदी अरब और यूके से, आठ प्रत्येक मलेशिया और ओमान से, सात प्रत्येक कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया से आएंगी। छह-छह उड़ानें यूक्रेन, कतर, इंडोनेशिया और रूस, फिलीपींस से पांच, फ्रांस, सिंगापुर, आयरलैंड और किर्गिस्तान से चार-चार, कुवैत और जापान से तीन-तीन, जॉर्जिया, जर्मनी, ताजिकिस्तान, आर्मेनिया, और बहरीन से दो-दो उड़ान आएंगी। इसके अलावा थाईलैंड, इटली, नेपाल, बेलारूस, नाइजीरिया और बांग्लादेश से एक-एक उड़ानें आएगी।

दूसरे चरण में सबसे ज्‍यादा उड़ान केरल के लिए 

दूसरे चरण में 31 उड़ानें केरल, 22 उड़ानें दिल्ली, 17 उड़ानें कर्नाटक, 16 उड़ानें तेलंगाना, 14 उड़ानें गुजरात, 12 उड़ानें राजस्थान, नौ उड़ानें आंध्र प्रदेश, सात उड़ानें पंजाब, छह-छह उड़ानें बिहार और उत्तर प्रदेश, तीन उड़ानें ओडिशा, दो उड़ानें चंडीगढ़ और एक-एक उड़ानें जम्मू-कश्मीर, जयपुर, मुंबई और मध्य प्रदेश आएंगी।