दिल्ली हिंसा: 46 की मौत के बाद पटरी पर जिंदगी!

,

   

उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों में रविवार को शांति रही, लेकिन तनाव अब भी बरकरार है। पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच धीरे धीरे जनजीवन पटरी पर लौट रहा है।

 

 

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, पुलिस ने रविवार को तीन अलग अलग जगहों से चार और शव बरामद किए। इसके साथ ही हिंसा में मरने वालों की संख्या 46 तक पहुंच गई है।

दूसरी ओर दिल्ली में रविवार शाम को कुछ जगहों पर हिंसा की अफवाह फैलने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। आग की तरह फैली अफवाह के कारण कुछ जगहों पर बाजार बंद हो गए।

कई इलाकों में लोगों ने खुद को घरों में बंद कर लिया, तो कहीं-कहीं लोग लाठी-डंडे लेकर गलियों में पहरा देने लगे। कुछ देर के लिए मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। इससे लोगों को लगा कि अफवाह सही है।

 

लोग इसकी पुष्टि के लिए मीडिया हाउस में फोन करने लगे। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने कहा कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

रविवार शाम सबसे पहले अफवाह फैली कि ख्याला, राजौरी गार्डन में हिंसा फैल गई है। कुछ देर बाद ही तिलक नगर, राजौरी गार्डन, रघुवीर नगर, उत्तम नगर, डाबड़ी, सीतापुरी, सागरपुर व मंगोलपुरी में हिंसा होने की खबर फैली।

तिलक नगर मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया। इससे लोगों को अफवाह पर यकीन हो गया। बाजार बंद हो गए। लोग दुकानें बंद कर घर चले गए। कुछ लोगों ने तो खुद को दुकानों के अंदर बंद कर लिया।

उत्तम नगर में लोग गलियों में पहरा देने लगे। कालकाजी, वसंतकुंज, जैतपुर, रोहिणी, बदरपुर व तुगलकाबाद में भी हिंसा होने की अफवाह फैल गई। बदरपुर व तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए। हालांकि बाद में सभी मेट्रो स्टेशन खोल दिए गए।