लखनऊ में प्रियंका के रोड शो के बाद कांग्रेस की ताक़त बढ़ी!

,

   

प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में पदार्पण के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रोड शो से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी उनकी बहन प्रियंका गांधी संग प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और महासचिव सह पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे दिग्गज शामिल हुए।

करीब 5 घंटे तक चले इस 15 किलोमीटर के रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भरपूर जोश देखने को मिला। रोड शो के बाद कांग्रेस कार्यालय के पास बने मंच से राहुल गांधी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस फ्रंट फुट पर खेलेगी।

यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ भाईचारा और जनता को जोड़ने की विचारधारा है तो दूसरी तरफ आरएसएस-बीजेपी की देश को तोड़ने वाली विचारधारा है।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी को देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा। प्रियंका ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

लखनऊ में जगह-जगह प्रियंका गांधी के स्वागत में पोस्टर लगे थे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कहीं फूलों की बारिश कर, तो कहीं मालाओं के साथ प्रियंका-राहुल गांधी और अन्य नेताओं का स्वागत किया।

प्रियंका गांधी का रोड शो एयरपोर्ट से शुरू होकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्यालय तक गया। इस दौरान 30 जगहों पर प्रियंका गांधी का काफिला रुका।

15 किलोमीटर के इस रोड शो के दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करने के साथ ही खुशी से झूम रहे थे। एक जगह किसी आइसक्रीम वाले ने कोन उछाला, तो प्रियंका ने कैच कर राहुल गांधी को थमाया।

पूरे रोड शो के दौरान प्रियंका कहीं कुछ नहीं बोलीं, केवल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो बार बोले। एक बार रोड शो के दौरान और फिर रोड शो खत्म होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में।

उन्होंने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा कि प्रधानमंत्री ने राफेल डील में रक्षा मंत्रालय के समानांतर सौदेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में हर रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार हुआ।