किसान विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ने खाया ज़हर, हुई मौत!

, ,

   

कृषि अध्यादेशों के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल निवास के समक्ष धरना दे रहे एक किसान ने जहर खाकर जान दे दी।

 

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि अध्यादेशों के खिलाफ पंजाब के किसान आंदोलनरत हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निवास के समक्ष पिछले तीन दिन से किसान जत्थेबंदियां पक्का धरना लगाकर बैठी हैं।

 

शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे मानसा जिले के गांव अक्कांवाली के 55 वर्षीय किसान प्रीतम सिंह अचानक सल्फास की गोलियां निगल लीं।

 

इससे उनकी हालत खराब होने लगी और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गए। मोर्चे पर बैठे किसानों ने उन्हें बादल के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।

 

 

हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बठिंडा रेफर कर दिया। जहां शाम करीब साढ़े सात बजे उनकी मौत हो गई।

 

भाकियू पंजाब के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि प्रीतम सिंह गुरुवार को चिंतित लग रहे थे और रात में बिल्कुल सोए नहीं थे।

 

भाकियू नेता ने कहा कि उनकी यूनियन ने अपना किसान साथी खो दिया। अब वह इस मुद्दे पर जरा भी पीछे नहीं हटने वाले हैं। चाहे उन्हें इसकी कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।