देश में भीषण गर्मी, तापमान 50 डिग्री तक पहुंचा!

   

देशभर में गर्मी कहर बरपा रही है। सोमवार को एक तरफ जहां राजस्थान के चुरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया तो वहीं दिल्ली में भी इस बार गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग के मुताबिक पहली बार जून महीने में दिल्ली में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

आजतक कभी भी जून महीने में दिल्ली में अधिकतम तापमान इस स्तर तक नहीं पहुंचा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली गर्मी का प्रकोप बना रह सकता है, कई जगहों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के आने में देरी से जून के पहले नौ दिनों में देश में वर्षा की कमी बढ़कर 45 प्रतिशत हो गई है। मानसून ने सामान्य आगमन की तारीख से एक सप्ताह की देरी से आठ जून को केरल में दस्तक दी।

इससे देश के अलग अलग हिस्सों में मानसून का आगमन भी विलंबित हुआ। मौसम विभाग ने कहा कि देश में 32.4 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा के मुकाबले केवल 17.7 मिलीमीटर बारिश हुई, इससे वर्षा की कमी लगभग 45 प्रतिशत तक हो गई है।

जून में वर्षा की कमी मानसून की सुस्त गति और कमजोर अलनीनो के कारण बढ़ सकती है। अल नीनो प्रशांत महासागर के पानी के गर्म होने से जुड़ा घटनाक्रम है।