वसुंधरा राजे की शक्ति यात्रा अब धार्मिक यात्रा बनी!

, ,

   

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सात व आठ मार्च को प्रस्तावित धार्मिक यात्रा की तैयारियों में बुधवार को अचानक तेजी आ गई। आदिबद्री धाम में 10 से 12 हजार समर्थकों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है।

पत्रिका पर छपी खबर के अनुसार, साथ ही कार्यक्रम में कम से कम 50 हजार लोगों के आने की संभावना तैयारी कर रहे समर्थक गुट ने व्यक्त की है।

अभी तक दो दिन का ही धार्मिक यात्रा कार्यक्रम बताया गया है। सात मार्च को सुबह 10 बजे तक पूर्व मुख्यमंत्री राजे आएंगी। जहां श्रीगिरिराजजी परिक्रमा देंगी।

परिक्रमा लगाने के बाद कौंथरा से सामई खेड़ा, बहज होते लक्ष्मण मंदिर डीग पहुंचकर पूजा करेंगी। लक्ष्मण मंदिर से सेऊ, सुहेरा होते हुए आदिबद्री पहुंचेंगी। आदिबद्री में रात को रुकने की व्यवस्था है। वहां रासलीला मंचन का कार्यक्रम होगा।

आठ मार्च को आदिबद्री में सुबह मंगला आरती में शामिल होंगी। जन्मदिन का कार्यक्रम होगा। फिर कामां होते हुए चरण पहाड़ी, भोजनस्थानी, नौनेरा आदि स्थानों पर जाएंगी।

नौनेरा में समापन होगा। नगर में पूर्व विधायक अनीता सिंह, डीग-कुम्हेर में पूर्व प्रधान मनोज सिंह, भरतपुर में पूर्व विधायक विजय बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरधारी तिवारी, पूर्व मेयर शिवसिंह भोंट, पूर्व जिला महामंत्री शिवराज तमरौली, वैर में पूर्व सांसद बहादुर सिंह कोली, बयाना में भाजपा नेता रितु बनावत, रिषी बंसल, नदबई में पूर्व मंत्री कृष्णेंद्र कौर दीपा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह जिम्मा संभाले हुए हैं।

कुम्हेर. पूर्व मंत्री यूनुस खान, राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने स्थानीय नेताओं के साथ पहुंच कर चर्चा की। इसमें क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को बुलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम को लेकर डीग रोड स्थित एक फार्म पर बैठक हुई। इसमें स्थानीय नेता भी शामिल हुए। पंचायत समिति कुम्हेर के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान वंदना सिंह के पति मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व मंत्री स्व.डॉ दिगंबरसिंह एवं भाजपा नेता और विधायकों के अथक प्रयास और पूर्व मुख्यमंत्री राजे के सहयोग से उनके शासनकाल में कराए गए विकास कार्यों को क्षेत्र व जिले की जनता भूल नहीं सकती।

पूर्व मुख्यमंत्री के शासनकाल में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए थे। इसमें बृज विश्वविद्यालय कुम्हेर, इंजीनियरिंग कॉलेज, संभाग मुख्यालय, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण, जिले में सड़कों, विद्यालय, अस्पतालों का जाल, ग्राम पंचायतों में गौरव पथों का निर्माण सहित अनेकों विकास की योजनाएं संचालित हुई।

इसे लेकर क्षेत्र की जनता आगामी सात मार्च को पूंछरी के लौठा में पूर्व मुख्यमंत्री राजे की धार्मिक यात्रा में उनके स्वागत कराने व उनकी ओर से कराए गए विकास कार्यों के लिए धन्यवाद देने पहुंचेगी। इससे पूर्व कार्यक्रम के संबंध में एक बैठक ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष गुलाब चंद शर्मा के निवास पर भी हुई।