उत्तराखंड के सीएम के जींस वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया!

, ,

   

सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, दरअसल, उन्होंने बुधवार को महिलाओं के पहनावे को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई महिलाएं व राजनीतिक पार्टियां उन्हें घेर रही हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी से सांसद जया बच्चन का भी बयान आया है।

जया ने कहा, ‘इस तरह के बयान एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देते हैं। उच्च पदों पर रहने वालों को सोच-समझकर सार्वजनिक बयान देना चाहिए।

आप आज के समय में ऐसी बातें कह रहे है, आप कपड़ों के आधार पर तय करेंगे कि कौन सुसांस्कृतिक है और कौन नहीं! यह बुरी मानसिकता है और ऐसे बयान महिलाओं के खिलाफ अपराधों प्रोत्साहित करते हैं।’

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी तीरथ सिंह रावत के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, ‘उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जब नीचे देखा तो गम बूट थे और ऊपर देखा तो… एनजीओ चलाती हो और घुटने फटे दिखते हैं?’ सीएम साहब, जब आपको देखा तो ऊपर-नीचे-आगे-पीछे हमें सिर्फ बेशर्म-बेहूदा आदमी दिखता है।’

वहीं, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘देश की संस्कृति और संस्कार पर उन आदमियों से फर्क पड़ता है, जो महिलाओं और उनके कपड़ों को जज करते हैं। सोच बदलो मुख्यमंत्री जी, तभी देश बदलेगा।’

महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादित बयान देने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब बहस की जा रही है। इतना ही नहीं, उनके इस बयान के विरोध में सोशल मीडिया पर एक नया हैशटैग (#RippedJeansTwitter) भी काफी चल रहा है।

कई राजनीतिक दल भी इस बात के लिए तीरथ सिंह रावत की आलोचना करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भी लगातार सोशल मीडिया पर तीरथ सिंह रावत के बयान की निंदा कर रही है।