फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की मांग की है।
जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, उन्होंने ट्विटर पर पहली बार खुलकर यह भी लिखा कि वह सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड है।
रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आदरणीय अमित शाह जी, मैं सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती हूं। सुशांत सिंह राजपूत को जाकर एक महीना हो गया है।
मेरा सरकार पर पूरा विश्वास है लेकिन न्याय के लिए मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि आप सीबीआई जांच की मांग को मान लें। मैं जानना चाहती हूं कि सुशांत सिंह राजपूत ने यह गंभीर कदम क्यों उठाया। सत्यमेव जयते।’
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन को लेकर फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को सोशल मीडिया पर जमकर लताड़ा जा रहा था।
सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उन्हें दोष दे रहे थे, साथ ही यह भी कहा गया कि सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में परिवार वालों ने रिया को आने की अनुमति नहीं दी थी।
इसके चलते संदेह और बढ़ गया थाl अब रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत के जाने के एक महीने बाद सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।
सुशांत सिंह राजपूत के मामले में रिया चक्रवर्ती से मुंबई पुलिस इसके पहले 9 घंटे से ज्यादा की पूछताछ कर चुकी है।
सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रवर्ती को कई मौकों पर एक साथ देखा गया था हालांकि आज पहली बार उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया है।
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद की लड़ाई भी तेज हो गई हैं। वहीं सुशांत की जल्द फिल्म ‘दिल बेचारा’ रिलीज होने वाली हैं। इस फिल्म में उनके अलावा संजना संघी की अहम भूमिका हैं। इस फिल्म का निर्देशन मुकेश छाबड़ा ने किया हैं।