रिपोर्ट में भारत- पाकिस्तान में परमाणु युद्ध को लेकर बड़ा दावा!

,

   

साइंस एडवांस’ पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन रिपोर्ट में भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध के परिदृश्य पर ध्यान दिया गया है जो 2025 में हो सकता है

भारत और पाकिस्तान के बीच अगर परमाणु युद्ध हुआ तो एक सप्ताह से कम समय के भीतर ही 50 लाख से 12.5 करोड़ लोगों की जान जा सकती है। यह संख्या छह साल चले दूसरे विश्व युद्ध में मारे गए लोगों की संख्या के मुकाबले बहुत ज्यादा होगी। इतना ही नहीं, इससे दुनियाभर में जलवायु संबंधी आपदाएं भी आएंगी।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, कोलोराडो बोल्डर विश्वविद्यालय और रुतगेर्स विश्वविद्यालय के विश्लेषकों के एक अध्ययन में यह विश्लेषण किया गया है कि अगर भविष्य में ऐसा युद्ध हुआ तो उसकी विभीषिका और कुप्रभाव कैसा तथा क्या होगा।

नई दिल्ली द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद दोनों देशों के मध्य बढ़े तनाव के बीच विश्लेषकों ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के पास फिलहाल करीब 150-150 परमाणु हथियार हैं और 2025 तक इनकी संख्या बढ़कर दोनों देशों के पास लगभग 200-200 तक हो सकती है।

कोलोराडो बोल्डर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर ब्रायन टून ने कहा, ‘‘भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध दुनिया में मृत्यु दर को दोगुना कर सकता है।’’ टून ने कहा, ‘‘यह ऐसा युद्ध होगा जिसका मानव अनुभव में कोई उदाहरण नहीं होगा।’’

रुतगेर्स विश्वविद्यालय-न्यू ब्रुंसविक के एलन रोबॉक ने कहा, ‘‘ऐसे युद्ध से सिर्फ उन जगहों को खतरा नहीं होगा जहां बम गिराए जाएंगे, बल्कि पूरी दुनिया को खतरा होगा।’’

‘साइंस एडवांस’ पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन रिपोर्ट में भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध के परिदृश्य पर ध्यान दिया गया है जो 2025 में हो सकता है।

अध्ययन में उल्लेख किया गया है कि वैसे तो दोनों देशों के बीच कश्मीर को लेकर कई युद्ध हुए हैं लेकिन 2025 तक उनके पास कुल मिलाकर 400 से 500 परमाणु हथियार होंगे।