वाट्सऐप पर ही तीन तलाक : नए कानून के तहत केस हुआ दर्ज

   

ठाणे : तीन तलाक पर कानून बनने के कुछ दिन बाद ही देश के कई हिस्सों से इसके उल्लंघन पर केस दर्ज किए जाने के मामले सामने आए हैं। ताजा मामला महाराष्ट्र के ठाणे का है, जहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने अपने पति के खिलाफ मुंब्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे वाट्सऐप पर ट्रिपल तलाक दिया है। वहीं हरियाणा के मेवात से भी ट्रिपल तलाक कानून तोड़ने पर एक शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि दोनों ही मामलों में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि मुंब्रा निवासी 31 वर्षीय कथित तौर से तीन तलाक पीड़िता एक 6 महीने के बच्चे की मां है। तलाक के वक्त वह 7 महीने की गर्भवती थी। महिला और इम्तियाज पटेल दोनों का यह दूसरा निकाह था। शादी के बाद इम्तियाज अबूधाबी में नौकरी करने चला गया। महिला का आरोप है कि उसका पति पैसों की मांग कर रहा था। जिसके चलते महिला के पिता ने कर्ज लेकर दामाद को एक बाइक खरीदकर दी। लेकिन जब शोषण खत्म नहीं हुआ तो महिला घर छोड़कर अपने माता-पिता के साथ रहने लगी।

इस दौरान पीड़िता को अपने पति के दूसरी महिला से कथित दूसरी महिला से संबंध के बारे में पता चला। ऐसे में जब दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो पति ने उसे वाट्सऐप पर ही तीन तलाक लिखकर भेज दिया। मामले में पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, कानून बनने के बाद महिला नए अधिनियम के तहत पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाना चाहती है। जिसके लिए उसने केस दर्ज करवाया है।

साभार : जनसत्ता