अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर देश के राजनेताओं ने क्या कहा?

, ,

   

मुंबई पुलिस द्वारा रिपब्लिक टीवी के एडिटर अर्नब गोस्वामी को हिरासत में लेने पर बीजेपी ने महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को बीजेपी नेताओं ने बदले की कार्रवाई करार दिया है।

 

नवोदय टाइम्स पर छपी खबर के अनुसार, अब इस मामले में शिवसेना ने जवाब देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की सरकार कभी बदले की भावना से कार्रवाई नहीं करती, यहां कानून का राज है।

 

दरअसल, मुंबई पुलिस ने पत्रकार अर्नब गोस्वामी को बुधवार सुबह उनके आवास से गिरफ्तार किया। अर्नब की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार सवालो में घिर गई है।

 

 

अब इस मामले में पत्रकारों ने शिवसेना सांसद संजय राउत से सवाल किया। अर्नब गोस्वामी पर पुलिस की कार्रवाई क्या बदले की भावना से हुई पुछे जाने पर संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार कभी बदले की भावना से कार्रवाई नहीं करती, महाराष्ट्र में कानून का राज है।

 

 

पुलिस को जांच में कोई सबूत हाथ लगा होगा तो पुलिस किसी पर भी कार्रवाई कर सकती है।

 

उन्होंने कहा कि उस चैनल ने हम सबके खिलाफ जिस प्रकार का बदनामी का कैंपेन चलाया था, झूठे इल्जाम लगाए थे। हमने तो ये कहा कि कोई झूठे इल्जाम लगाता है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए।

 

 

वहीं महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने इस मामले में कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है। महाराष्ट्र पुलिस कानून के अनुसार काम करेगी। बता दें कि एक वीडियो में रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी को अलीबाग पुलिस स्टेशन लाते समय उन्होंने कहा, ‘मुझे पुलिस ने मारा है।’

 

 

सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यह महाराष्ट्र में ‘प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है’ और इससे ‘आपातकाल के दिनों’ की याद आती है।

 

 

प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया, ‘महाराष्ट्र में प्रेस की स्वतंत्रता पर हमले की हम निंदा करते हैं। प्रेस के साथ पेश आने का यह तरीका नहीं है। इससे आपातकाल के दिनों की याद आती है जब प्रेस के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाता था।’

 

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को ‘सत्ता का खुल्लम-खुल्ला दुरुपयोग’ करार दिया और कहा कि ‘प्रेस की आजादी पर हमले का विरोध जरूर होना चाहिए।’

 

 

शाह ने विपक्षी दलों पर यह कहते हुए निशाना साधा कि उन्होंने एक बार फिर लोकतंत्र को कलंकित किया है और आज की घटना ने उन्हें आपातकाल की याद दिला दी।

 

 

शाह ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने एक बार फिर लोकतंत्र को कलंकित किया है। रिपब्लिक टीवी और अर्नब गोस्वामी के खिलाफ सत्ता का खुल्लमखुल्ला दुरुपयोग व्यक्तिगत आजादी और लोकतंत्र के खैथे खम्भे पर पर हमला है।’

 

 

उन्होंने आरोप लगाया, ‘यह घटना आपातकाल की याद दिलाता है। प्रेस की आजादी पर इस हमले का विरोध जरूर होना चाहिए और विरोध किया जाएगा।’

 

 

अलीबाग पुलिस के एक दल ने मुंबई स्थित गोस्वामी के आवास से उन्हें गिरफ्तार किया। गोस्वामी को जब गिरफ्तार करके ले जाया जा रहा था तब पुलिस द्वारा उन्हें वैन में धक्का देते हुए देखा गया। गोस्वामी ने दावा किया कि घर में भी उनसे मारपीट की गई।

 

 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोस्वामी को 53 वर्षीय एक इंटीरियर डिजाइनर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। प्रकाश जावड़ेकर समेत केंद्र सरकार के कई मंत्रियों और बीजेपी ने इस गिरफ्तारी की निंदा की है।