चीन और भारतीय सैनिकों में झड़प, इंडिया के तीन जवान शहीद!

, ,

   

भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव और बढ़ता दिखाई दे रहा है। गलवन घाटी में पीछे हटने की प्रक्रिया के दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंंसक झड़प हुई।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, इसमें भारतीय सेना के एक कमांडिंग ऑफिसर समेत तीन भारतीय सैन्यकर्मी शहिद हो गए हैं। दूसरी तरफ इस झड़प में चीनी सेना के भी पांच सैनिकों के मारे जाने और 11 जवानों के गंभीर तौर पर घायल होने की सूचना मिली है।

 

हालांकि, चीन की सेना की तरफ से अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चीन सरकार के मुख्य पत्र ग्लोबल टाईम्स के वरिष्ठ पत्रकार ने सोशल साइट पर यह जानकारी दी है कि चीनी पक्ष को भी भारी क्षति उठानी पड़ी है।

 

दोनों सेनाओं के मेजर जनरल तनाव को कम करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार भारतीय सेना ने इसकी जानकारी दी है।

 

इसी बीच सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की पठानकोट सैन्य स्टेशन की यात्रा रद हो गई है।

 

इस झड़प के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुखों और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के साथ बैठक की।

 

बहरहाल, चीन के विदेश मंत्रालय ने इस झड़प का दोष पूरी तरह से भारतीय सेना पर डालने का काम किया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सोमवार को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा का गंभीर तौर पर उल्लंघन किया है।

 

उन्होंने चीन के क्षेत्र में घुस कर चीनी सैनिकों पर हमला किया है। आगे यह भी कहा है कि भारत व चीन के बीच सीमा विवाद को सुलझाने के लिए व एलएसी पर शांति व स्थायित्व बहाली के लिए सहमत हैं।

 

भारतीय पक्ष की तरफ से भी बताया गया है कि हालात बिगड़ने के बाद दोनो पक्षों के बीच जमीनी तौर पर बातचीत जारी है ताकि तनाव को खत्म किया जा सके।

 

चीन के सैन्य जमावड़े को लेकर विवाद सुलझाने के मद्देनजर दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में ब्रिगेड कमांडर और बटालियन कमांडर स्तर की वार्ता चल रही है।

 

सैन्य सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लगातार कई दौर की वार्ता जारी रहने से कई और स्थानों पर दोनों देशों की सेनाएं सीमित रूप से पीछे हटी हैं। इसी दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है।