संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत का बोलबाला, 8 वीं बार बना अस्थाई सदस्य!

, ,

   

भारत आठवीं बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुन लिया गया है।

 

193 सदस्यीय महासभा में 184 वोट मिलने के बाद दो साल के लिए भारत को यूएनएससी का अस्थायी सदस्य चुना गया।

 

भारत को शक्तिशाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता के लिए बुधवार को चुन लिया गया। 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा के अस्थायी सदस्यों के तौर पर भारत, मेक्सिको, आयरलैंड और नॉर्वे को चुना गया है।

 

मेक्सिको और भारत निर्विरोध चुने गए। मतदान के दौरान भारत के पक्ष में 184 वोट पड़े और अब देश दो साल के लिए अस्थायी सदस्य बना रहेगा।

 

मतदान के लिए 192 सदस्य देश मौजूद थे और दो तिहाई मतों की संख्या 128 थी। भारत बड़ी ही आसानी के साथ अपने पक्ष में 184 वोट हासिल करने में कामयाब रहा। इस चुनाव में कनाडा, आयरलैंड और नॉर्वे से हार गया।

 

भारत के निर्विरोध चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि वे “वैश्विक समुदाय द्वारा भारत को दिए गए समर्थन के लिए अत्यंत आभारी हैं।

 

सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्य चुनने का मकसद यह होता है कि वहां क्षेत्रीय संतुलन बना रहे। अफ्रीका और एशिया-प्रशांत देशों के लिए तय दो सीटों पर तीन उम्मीदवार जिबूती, भारत और केन्या थे।

 

2021-22 के कार्यकाल के लिए यह चुनाव बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुआ। यूएनएससी में कुल 15 देश हैं।

 

इनमें से पांच अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन स्थायी सदस्य हैं। जबकि हर साल संयुक्त राष्ट्र महासभा में दो साल के कार्यकाल के लिए पांच अस्थायी सदस्यों का चुनाव होता है।

 

साभार- डी  डब्ल्यू हिन्दी