यूपी पंचायत चुनाव: बीजेपी ने कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी का टिकट काटा!

, ,

   

भाजपा ने उन्नाव जिला पंचायत चुनाव में दुष्कर्म के आरोप में उम्र कैद की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर की उम्मीदवारी रद्द कर दी है।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, 8 अप्रैल को पार्टी की ओर से घोषित उन्नाव जिला पंचायत के उम्मीदवारों की सूची में संगीता सेंगर को वार्ड नम्बर 22 फतेहपुर चौरासी तृतीय से उम्मीदवार घोषित किया गया था।

संगीता उन्नाव जिला पंचायत की निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।

कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी को टिकट देने का मामला तूल पकड़ने और पीड़िता के परिवार की ओर से इसका विरोध करने के बाद पार्टी ने अपना निर्णय बदलते हुए संगीता का टिकट काट दिया है।

उनकी जगह नए उम्मीदवार का नाम जल्द घोषित किया जाएगा। इस संबंध में उन्नाव के जिलाध्यक्ष से वार्ड के लिए उम्मीदवारों के नाम मांगे गए हैं।

बता दें कि उन्नाव में तीसरे चरण का चुनाव होना है। जिसके लिए 13 अप्रैल से नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

बता दें कि कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा के विधायक थे। वह दुष्कर्म के आरोप में जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे हैं। जब उनकी पत्नी को पंचायत चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर भाजपा ने टिकट दिया तो इसका सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर विरोध हुआ।

वहीं, दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने भी सवाल उठाए। लोगों की नाराजगी का संज्ञान लेते हुए भाजपा ने आखिरकार संगीता सेंगर का टिकट रद्द कर दिया है।

उन्नाव दुष्कर्म कांड लंबे समय तक चर्चा में रहा था। दुष्कर्म का केस लड़ रही पीड़िता के पिता पर भी हमला किया गया था जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके अलावा, पीड़िता पर भी जानलेवा हमला हुआ था। इन घटनाक्रमों से भाजपा विपक्ष के निशाने पर आ गई थी जिस पर पार्टी ने विधायक को निलंबित कर दिया था लेकिन संगीता को टिकट देने के बाद लोगों ने फिर से सवाल उठाने शुरू कर दिए थे।